December 22, 2025

रामचंद्र पठानिया ने नगरोटा गाजियां स्कूल के विद्यार्थियों को बांटे पुरस्कार

भोरंज 17 दिसंबर। कांगड़ा सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष रामचंद्र पठानिया ने मंगलवार को राजकीय उच्च विद्यालय नगरोटा गाजियां के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर शिक्षकों, विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए रामचंद्र पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के ढांचे में बहुत बड़े परिवर्तन ला रही है तथा शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष बल दे रही है। इससे सरकारी स्कूलों के बच्चों को भी महंगे कॉनवेंट स्कूलों की तरह आधुनिक शिक्षा मिलेगी।
रामचंद्र पठानिया ने कहा कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू स्वयं एक सामान्य परिवार से संबंध रखते हैं और वह भी सरकारी स्कूलों में पढ़ने के बाद प्रदेश के सर्वोच्च पद पर पहुंचे हैं। उनकी वयोवृद्ध माता आज भी अपने गांव में खेती-बाड़ी करती हैं। यही कारण है कि मुख्यमंत्री आम लोगों की समस्याओं को बहुत ही बारीकी से समझते हैं और इनकी समस्याओं के निवारण तथा समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए बहुत ही सराहनीय योजनाएं आरंभ कर रहे हैं। रामचंद्र पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना, प्राकृतिक खेती से तैयार फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य की घोषणा, दूध के दामों में भारी वृद्धि जैसी कई अन्य योजनाएं आरंभ करके मुख्यमंत्री ने पूरे देश में एक अलग मिसाल पेश की है।
उन्होंने कहा कि विधायक सुरेश कुमार के निर्देशानुसार नगरोटा गाजियां स्कूल में 2 अतिरिक्त कमरों का निर्माण करवाया जाएगा। स्कूल में अन्य सुविधाओं के लिए भी धनराशि का प्रावधान किया जाएगा। रामचंद्र पठानिया ने विद्यार्थियों को अपनी ओर से 5100 रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में सराहनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया।
इससे पहले, मुख्यध्यापक रविंद्र सिंह पटियाल ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया तथा स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। प्राइमरी स्कूल की अध्यापिका ने सीमा देवी ने भी वार्षिक रिपोर्ट पेश की। जबकि, विद्यार्थियांे ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह में कांग्रेस कमेटी भोरंज के मीडिया प्रभारी चंदन ठाकुर, महासचिव मुकेश बन्याल और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *