December 22, 2025

रामचंद्र पठानिया ने खुथड़ीं स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को बांटे पुरस्कार

भोरंज 22 दिसंबर। राजकीय उच्च पाठशाला खुथड़ीं का वार्षिक उत्सव रविवार को मनाया गया, जिसमें कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष रामचंद्र पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार के लिए कई बड़े निर्णय लिए हैं। इससे प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा आरंभ करने, राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल खोलने और शिक्षण संस्थानों के युक्तिकरण जैसे सराहनीय निर्णय लिए हैं।
रामचंद्र पठानिया ने कहा कि भोटा के राधास्वामी चैरिटेबल अस्पताल के भूमि हस्तांतरण के मामले में भी मुख्यमंत्री ने अपना वायदा निभाकर क्षेत्र की जनता को बहुत बड़ी राहत प्रदान की है। यह संस्थान तीन विधानसभा क्षेत्रों के हजारों लोगों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं मुहैया करवा रहा है। इसकी जमीन के मामले का स्थायी समाधान निकालकर मुख्यमंत्री ने एक बार फिर साबित किया है कि वह आम जनता के हित में कोई भी बड़ा निर्णय लेने से पीछे नहीं हटते हैं।
इस अवसर पर पठानिया ने स्कूल के लिए 5100 रुपये की राशि देने की घोषणा भी की। उन्होंने शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में सराहनीय प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियांे को पुरस्कृत भी किया।
इससे पहले मुख्यध्यापक संगीता शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा स्कूल की विभिन्न उपलब्धियों की जानकारी दी। जबकि, विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह में भोरंज ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष विजय बन्याल, मीडिया प्रभारी चंदन जैलदार, कांग्रेस नेता गोल्डी, डिंपल, संतोषी माता मंदिर कमेटी के अध्यक्ष बलवंत सिंह और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *