July 26, 2025

आपदा में राहुल गांधी हिमाचल के साथ: राजीव राणा

मोहित कांडा, हमीरपुर, हिमाचल प्रदेश इन दिनों अभूतपूर्व प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहा है। इस कठिन समय में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने प्रदेश के लिए 5 करोड़ रुपये की राहत राशि प्रदान की है। यह केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रति उनकी गहरी संवेदनशीलता, प्रतिबद्धता और आत्मीय जुड़ाव का प्रतीक है। यह बात असंगठित कारगार एवं कर्मचारी कांग्रेस के प्रदेश चेयरमैन राजीव राणा ने प्रैस विज्ञप्ति में कही। उन्होंने बताया कि जब पूरा प्रदेश आपदा की पीड़ा से जूझ रहा है, तब राहुल गांधी का यह योगदान हर हिमाचलवासी के लिए संबल और भरोसे की भावना लेकर आया है। यह महज़ एक राशि नहीं बल्कि यह संदेश है कि कांग्रेस पार्टी हर संकट में जनता के साथ खड़ी है। राजीव राणा ने साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के आपदा प्रबंधन प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने हर प्रभावित क्षेत्र में जाकर लोगों का दुःख साझा किया और प्रशासनिक तंत्र को सक्रिय रखा। राष्ट्रीय और राज्य नेतृत्व का यह तालमेल कांग्रेस पार्टी की ज़मीनी सोच और सेवा भावना को दर्शाता है।
राणा ने हिमाचल प्रदेश की जनता की ओर से श्री राहुल गांधी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया और कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता इस चुनौतीपूर्ण समय में सेवा, राहत और पुनर्वास के कार्यों में पूरी निष्ठा से संलग्न रहेगा। उन्होंने बताया कि जिला उपाध्यक्ष विशाल राणा, युवा कांग्रेस भोरंज उपाध्यक्ष जगदेव चंद, उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस हमीरपुर रजत राणा सुनीत ठाकुर, रितेश, इंदरजीत, विनोद कुमार ने राहुल गाँधी की इस सहायता के लिये आभार व्यक्त किया।