राजीव गांधी वन संवर्धन योजना से मिलेंगे स्वरोजगार के अवसर: केवल सिंह पठानिया
112 वर्षों बाद शाहपुर को मिला नया रेंज ऑफिस भवनएक वर्ष के भीतर बनकर हुआ तैयार
शाहपुर,
शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने आज शाहपुर में लगभग 32 लाख रुपये की लागत से निर्मित वन परिक्षेत्र अधिकारी शाहपुर (रेंज ऑफिस) के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने वन प्रबंधन तथा वन क्षेत्र विस्तार में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वित्त वर्ष 2025-26 से राजीव गांधी वन संवर्धन योजना आरंभ की है, जिस पर 100 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों, महिला मंडलों, युवक मंडलों तथा ग्रामीण वन प्रबंधन समितियों को न केवल स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे, बल्कि इससे जल, जंगल और जमीन के संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
केवल सिंह पठानिया ने बताया कि इस वर्ष धर्मशाला वन मंडल के अंतर्गत 28 हेक्टेयर भूमि पर पौधारोपण किया गया है, जबकि वर्ष 2026-27 में 149 हेक्टेयर भूमि पर पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि जिन महिला मंडलों अथवा समाजसेवी संस्थाओं द्वारा किए गए पौधारोपण का सर्वाइवल रेट उत्कृष्ट रहेगा, उन्हें एक लाख रुपये तक की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि शाहपुर में वन विभाग का यह पहला सरकारी कार्यालय था। वर्ष 1983 में यहां रेंज ऑफिस स्थापित हुआ था और अब लगभग 112 वर्षों बाद इस कार्यालय को अपना नया भवन प्राप्त हुआ है। इससे पहले यह कार्यालय पुराने भवन में संचालित हो रहा था।
उन्होंने कहा कि एक वर्ष से भी कम समय में यह भवन बनकर तैयार हुआ है, जिसके लिए वन विभाग बधाई का पात्र है। साथ ही उन्होंने इस कार्य हेतु समय पर समुचित धनराशि उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
शाहपुर के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में नगर पंचायत शाहपुर में लगभग 18 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्य किए गए हैं। इसके साथ ही नगर पंचायत क्षेत्र में 30 हैंडपंप स्थापित कर नागरिकों को निर्बाध एवं सुचारू पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।
इस अवसर पर वन विभाग के डीएफओ अमित शर्मा ने मुख्यातिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए रेंज ऑफिस भवन के लोकार्पण के लिए आभार व्यक्त किया।
सीसीएफ वासु कौशल ने मुख्यातिथि का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों से ही यह भवन समय पर पूर्ण हो पाया। उन्होंने राजीव गांधी वन संवर्धन योजना की भी विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की।
रेंज ऑफिसर सुमित शर्मा ने मुख्यातिथि तथा अन्य आए हुए मेहमानों का धन्यवाद किया ।
इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, एटीसी शाहपुर की प्रभारी वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. सुनंदा पठानिया, डीएफओ वाइल्डलाइफ दिनेश शर्मा, बीएमओ डॉ कविता ठाकुर, बीडीओ रैत कमलजीत, अधिशाषी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, अधिशासी अभियंता विद्युत अमित शर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण नीरज जसवाल, प्रधानाचार्य बलजीत दियोलिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत राणा, महासचिव प्रदीप बलौरिया, पीटीएफ प्रधान दलजीत पठानिया ,बीईईओ मिनटों देवी, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय,नीना ठाकुर, सरिता सैनी,अजय बबली, कमल कटोच,वरयाम सिंह, ओंकार राणा, गोवर्धन सिंह, डॉ श्री कांत ,सुशील शर्मा, विजय गुलेरिया,सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जाईका से जुड़े विभिन्न महिला सहायता समूहों के सदस्य तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
