राजेश धर्मानी ने मिनर्वा संस्थान घुमारवीं में प्रतिभाशाली छात्रों को किया सम्मानित
घुमारवीं: प्रदेश सरकार के नगर नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्मानी ने रविवार को मिनर्वा संस्थान घुमारवीं में आयोजित अचीवर सम्मान समारोह 2025 में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने यूपीएससी, आर्मी, एमबीबीएस और जेईई मेंस सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया।
मंत्री धर्मानी ने कहा कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य प्रतिभाशाली छात्रों की उपलब्धियों को पहचानना और दूसरों को मेहनत व लगन से प्रेरित करना है। उन्होंने अचीवर्स को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने चुने हुए रास्ते में बुलंदियां हासिल करें और देश-दुनिया के विकास में अपना योगदान दें। उन्होंने मिनर्वा संस्थान की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रदेश के अच्छे शिक्षण संस्थानों में से एक है। उन्होंने बताया कि इस संस्थान के एक ही बैच से 52 छात्र एमबीबीएस के लिए चयनित हुए और 29 छात्रों ने इंजीनियरिंग में सफलता हासिल की। यह संस्थान और प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
मिनर्वा शिक्षण संस्थान के संस्थापक व संयोजक प्रवेश चंदेल ने छात्रों, अध्यापकों और अभिभावकों को उनकी मेहनत के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली छात्रों की सफलता में शिक्षकों और माता-पिता का महत्वपूर्ण योगदान होता है।
इस अवसर पर हिमांशु मोंगा, निदेशक और प्रिंसिपल, बंदला हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज, विनय शर्मा, अनु चंदेल, आरती चंदेल, स्वदेश चंदेल, कर्तव्य चंदेल और अभिवंदन चंदेल सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
