हिमाचल प्रदेश में वर्षा ने तीन माह के सूखे से दिलाई निजात
शिमला: हिमाचल प्रदेश में बीते चौबीस घंटों के दौरान ऊंचे व मध्य क्षेत्रों में हिमपात व निचले क्षेत्रों में वर्षा ने तीन माह के सूखे से निजात दिलाई है। लाहुल स्पीति में चार फीट, अटल टनल में साढ़े तीन फीट, किन्नौर के सांगला व कन में डेढ़ फीट, केलंग व कुफरी में करीब एक फीट ताजा हिमपात हुआ है। प्रदेश में मनाली में 14 वर्षों के बाद चौबीस घंटों में 78 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
इससे पूर्व चौबीस घंटों में आज तक की सबसे अधिक वर्षा 31 दिसंबर 2010 को 156.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई थी। वर्षा और हिमपात ने कृषि बागवानी को संजीवनी प्रदान की है। ताजा हिमपात व वर्षा के बाद प्रदेश में चार एनएच सहित 319 सड़कें बंद हैं।
जिसमें लाहुल स्पीति में 151, किन्नौर में 88, कुल्लू में 21, चंबा में 11, कांगड़ा में छह और ऊना में तीन सड़कें बंद हैं। एचआरटीसी के 156 रूट बाधित हैं। प्रदेश में ताजा हिमपात के बाद 332 ट्रांसफॉर्मर खराब हैं जिसके कारण बिजली आपूर्ति बाधित है।
शिमला में 3.8, रिकांगपिओ में 2.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए ताजा पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को प्रदेश में ऊंचे क्षेत्रों में कुछ एक स्थानों पर हिमपात जबकि कुछ एक स्थानों पर वर्षा की संभावना जताई गई है। प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
