March 14, 2025

हिमाचल में बारिश ने मचाई भारी तबाही

1 min read
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश में तबाही भूस्खलन होने, बादल फटने, नदी नालों में आई बाढ़

भूस्खलन होने, बादल फटने, नदी नालों में आई बाढ़

लगातार बरस रही आसमानी आफत से निपटने में बेबस नजर आने लगा है प्रशासन

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश में तबाही मचा रखी है। पिछले 4 दिन से लगातार हो रही बारिश ने प्रदेश के लगभग सभी जिलों में जहां जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर रखा है वही दर्जनों लोगों की मौत हो जाने का भी समाचार है। भूस्खलन होने, बादल फटने, नदी नालों में आई बाढ़ के कारण कई दर्जन लोगों के मलबे में दबे हुए होने की भी आशंका है। शिमला में एक शिव मंदिर के ढह जाने से वहां 50 से अधिक श्रद्धालुओं के दबे होने की आशंका है।
यहां चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन में अभी तक 9 शव निकाले जा चुके हैं। शिमला, सोलन, मंडी, कुल्लू, हमीरपुर, सिरमौर, किन्नौर, बिलासपुर जिलों में जगह-जगह जलभराव, लैंडस्लाइड, पेड़ गिरने व सड़कें टूट जाने की वजह से अधिकांश क्षेत्र प्रदेश के बाकी हिस्सों से कटे हुए हैं। भारी बारिश व भूस्खलन के कारण सैकड़ों मकान गिर गए हैं व लोगों को राहत व शरण लेने के लिए इधर उधर भागना पड़ रहा है। प्रदेश की लगभग 800 सड़कों पर आवाजाही बंद है। लगभग 2000 रूटों पर बस सेवाएं भी ठप है। सड़क, बिजली, पानी की समस्या ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है।

प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में बादल फटने की घटनाओं ने भी भारी तबाही मचा रखी है। आसमान से लगातार बरस रही आफत के कारण प्रदेश का प्रशासन भी बेबस नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेशवासियों से नदी नालों तथा लैंड स्लाइड संभावित क्षेत्रों में न जाने व सावधानी बरतनी की अपील की है। मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट के बीच प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने लोगों से राहत एवं बचाव कार्य हेतु 112 नंबर पर फोन कर सूचना देने का आग्रह किया है।