महाराष्ट्र में फिर से विधानसभा के स्पीकर चुने गए राहुल नार्वेकर
विपक्ष ने नहीं उतारा था उम्मीदवार
मुंबई: भाजपा विधायक राहुल नार्वेकर को सोमवार को महाराष्ट्र विधानसभा का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। यह अध्यक्ष के रूप में उनके दूसरे कार्यकाल की शुरुआत है। उन्हें निर्विरोध चुना गया क्योंकि विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारा था। रविवार को कोलाबा विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक नार्वेकर ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वह 14वीं विधानसभा में ढाई साल तक स्पीकर रहे और 20 नवंबर के विधानसभा चुनाव में मुंबई की कोलाबा विधानसभा सीट से फिर से चुने गए।
उनके चुनाव के बाद नई सरकार की ताकत साबित करने के लिए फ्लोर टेस्ट होगा। इसके बाद राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन राज्य विधानमंडल के दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे। महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान, नार्वेकर ने फैसला सुनाया था कि बाल ठाकरे द्वारा स्थापित पार्टी में विभाजन के बाद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली पार्टी वैध और असली शिवसेना थी। उन्होंने यह भी माना कि अजित पवार के नेतृत्व वाला गुट ही असली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) है, जिसकी स्थापना शरद पवार ने की थी।
हाल ही में संपन्न महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में, महायुति गठबंधन (भाजपा, शिवसेना, एनसीपी) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 288 में से 230 से अधिक सीटें जीतीं हैं जबकि एमवीए सामूहिक रूप से केवल 46 सीटें ही जीत सकी। चुनाव आयोग के मुताबिक, महायुति में बीजेपी को 132, शिवसेना को 57 और एनसीपी को 41 सीटें मिलीं। एमवीए के घटक दल शिव सेना (यूबीटी) को 20 विधायक मिले जबकि कांग्रेस और एनसीपी (सपा) को क्रमश: क्रमश: 16 और 10 सीटें मिलीं हैं।
