February 5, 2026

राहुल गांधी ने कहा-‘गद्दार दोस्त’…तो केंद्रीय मंत्री बिट्टू बोले ‘देश का दुश्मन’

नई दिल्ली, संसद परिसर में बुधवार को उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। दोनों नेताओं के बीच हुई यह बहस कुछ देर तक संसद परिसर में चर्चा का विषय बनी रही।

जानकारी के मुताबिक, संसद के मकर द्वार के पास कांग्रेस सांसद भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू वहां से गुजर रहे थे। तभी राहुल गांधी ने उन पर तंज कसते हुए उन्हें गद्दार कहा और हाथ मिलाने की पेशकश करते हुए व्यंग्यात्मक टिप्पणी की। राहुल गांधी ने कहा कि बिट्टू वापस कांग्रेस में लौट आएंगे। गौरतलब है कि रवनीत सिंह बिट्टू पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में शामिल थे, लेकिन बाद में पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए और वर्तमान में केंद्र सरकार में मंत्री हैं।

राहुल गांधी की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए रवनीत सिंह बिट्टू ने हाथ मिलाने से इनकार कर दिया और कहा कि वह उन लोगों से किसी तरह का संबंध नहीं रखते, जिन्हें वह देश का दुश्मन मानते हैं। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक तीखी बहस होती रही, जिसके बाद वे अपने-अपने रास्ते पर आगे बढ़ गए।

इस बीच कांग्रेस सांसद संसद की सीढ़ियों पर हाथों में पोस्टर लेकर भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ प्रदर्शन करते नजर आए। पोस्टरों पर प्रधानमंत्री द्वारा समझौता किए जाने का आरोप लगाया गया था। इससे एक दिन पहले राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत में भी इस समझौते को लेकर सवाल उठाए थे।

उधर, बजट सत्र के दौरान अनुशासनहीन व्यवहार के आरोप में कांग्रेस के सात और सीपीआई-एम के एक सांसद सहित कुल आठ विपक्षी सदस्यों को सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया है। निलंबित सांसदों में गुरजीत सिंह औजला, हिबी ईडन, डीन कुरियाकोस, अमरिंदर सिंह राजा वारिंग, बी. मणिक्कम टैगोर, डॉ. प्रशांत यादवराव पाडोले, चमाला किरण कुमार रेड्डी और एस. वेंकटेशन शामिल हैं। निलंबित सांसदों ने भी संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया, जिससे बजट सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तनाव और गहराता नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *