जनसंवाद व सीएम विंडो पर आने वाली शिकायतों का निपटान शीघ्र करें
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने निर्देश दिए कि जनसंवाद व सीएम विंडो पर आने वाली शिकायतों का निपटान शीघ्र करें, ताकि प्रदेश के लोगों को सहूलियत मिल सके। सरकार की योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचे, इसी को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को समयबद्ध तरीके से फलीभूत करने का काम किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसंवाद और सीएम विंडो के तहत आने वाली शिकायतें संबंधित विभाग तक पहुंच सकें, इसके लिए जिला स्तर पर DC व SDM भी शिकायतों का आंकलन करें। शिकायतों का सही से संकलन किया जाए, ताकि उनका निदान जल्द हो सके। इन शिकायतों की निगरानी व निपटान के लिए एसओपी तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधाओं व कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए प्रदेश सरकार विभागों की कार्यप्रणाली को आटो मोड़ पर ला रही है, जो कि देश में एक नजीर होगी। उन्होंने टूरिजम, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग, पर्यावरण विभाग सहित अन्य विभागों में आई शिकायतों के बारे में जानकारी ली।
