February 23, 2025

कुपवाड़ा में तैनात पंजाब के अग्निवीर की गोली लगने से मौत

1 min read

मानसा: पंजाब के मानसा जिले के गांव अकलिया निवासी अग्निवीर लवप्रीत सिंह पुत्र बेअंत सिंह की अपनी ही बंदूक से चली गोली सिर में लगने से मौत हो गई। वह जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में तैनात था।

24 वर्षीय लवप्रीत सिंह करीब दो साल पहले ही अग्निवीर योजना के तहत सेना में भर्ती हुआ था। उसका शव आज यानी शुक्रवार गांव पहुंचेगा।

बुधवार शाम लवप्रीत के पिता बेअंत सिंह को सूचना मिली कि लवप्रीत की गोली लगने से मौत हो गई है। लवप्रीत बुधवार दोपहर करीब तीन बजे एक अन्य सैनिक साथी के साथ ड्यूटी पर तैनात था।

इस बीच लवप्रीत सिंह पेशाब करने का कहकर करीब 15 मीटर दूर चला गया। इस दौरान गोली चलने की आवाज आई। उसका सैनिक साथी उसके पास पहुंचा तो वह मृत पड़ा था। उसके सिर में गोली लगी हुई थी।

लवप्रीत की बंदूक से ही गोली चली थी। पिता बेअंत सिंह ने कहा कि तीन-चार दिन पहले ही लवप्रीत का फोन आया था। कह रहा था कि 15 दिन तक छुट्टी आएगा। पिता ने कहा कि बेटा देश के लिए बलिदान हुआ है। उसे बलिदानी सैनिक का सम्मान मिलना चाहिए।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने फेसबुक व एक्स अकाउंट पर अग्निवीर लवप्रीत सिंह के परिवार के साथ संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बहादुर जवान को उसके साहस और देश के प्रति हौसले और धैर्य के लिए दिल से सलाम करते हुए स्वजन को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।