पंजाब के पास 12 दिन का पेट्रोल, 14 दिन का डीजल और 6 दिन का एलपीजी स्टॉक: भगवंत मान
चंडीगढ़, पश्चिमी देशों के ताजा हालातों और वैश्विक तनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई अहम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के अगले ही दिन पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस की। राज्य में ईंधन की कमी और लॉकडाउन की उड़ रही अफवाहों पर पूरी तरह से विराम लगाते हुए सीएम मान ने प्रदेश की जनता को एक बड़ा भरोसा दिया है।
मुख्यमंत्री ने जनता को आश्वस्त करते हुए स्पष्ट किया कि लोगों को घबराने या पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनों में लगने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है। उन्होंने राज्य में मौजूद ईंधन के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि पंजाब के पास इस वक्त 12 दिन का पेट्रोल, 14 दिन का डीजल और 6 दिन का एलपीजी स्टॉक पूरी तरह से सुरक्षित है। उन्होंने लोगों से कड़े शब्दों में अपील की है कि वे अफवाहों पर जरा भी ध्यान न दें, क्योंकि देश में कोई भी लॉकडाउन नहीं लगने जा रहा है और जनजीवन आम दिनों की तरह ही चलता रहेगा।
पंजाब में गेहूं की कटाई के अहम सीजन (वाढी) को देखते हुए सीएम भगवंत मान ने केंद्र सरकार से एक विशेष मांग भी की है। उन्होंने कहा है कि कटाई के इस महत्वपूर्ण समय में पंजाब में तेल की सप्लाई में किसी भी तरह की कोई कटौती नहीं होनी चाहिए, ताकि किसानों को अपना काम करने में कोई परेशानी न हो। इसके साथ ही गैस सिलेंडरों को लेकर उन्होंने कहा कि गांवों में भी 25 दिनों के अंतराल के बाद ही नए सिलेंडर की बुकिंग की व्यवस्था लागू हो। सीएम मान ने यह भी साफ किया कि वैश्विक संकट की इस घड़ी में भी पंजाब पूरे देश का पेट भरने और अनाज देने के लिए पूरी तरह से तैयार खड़ा है।
