पंजाब सरकार संतों, महापुरुषों, शहीदों के दिखाएं मार्ग पर चल रही है: भगवंत मान
पंजाब सरकार संतों, महापुरुषों, शहीदों के दिखाएं मार्ग पर चल रही है: भगवंत मान
मुबारकपुर : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज कहा कि पंजाब सरकार राज्य के विकास और जनता के कल्याण के लिए महान गुरुओं, संतों, महापुरुषों, पीरों-फकीरों और शहीदों के दिखाये मार्ग पर चल रही है।
पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया की उपस्थिति में जैन भगवती दीक्षा महोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक जननेता के रूप में यह उनका कर्तव्य है कि वे राज्य के हर नागरिक के हितों की रक्षा करें। उन्होंने कहा कि पंजाब एक पवित्र भूमि है, जहां विभिन्न धर्म, भाषायें और सामाजिक वर्गों के लोग शांति और सद्भाव से रहते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फूलों के विभिन्न रंग हर किसी की आंखों को सुकून देते हैं, और लोग इन्हें देखने के लिए उत्सुक रहते हैं। इसी प्रकार, हर समाज में प्रत्येक धर्म की सद्भावना और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व, देश की प्रगति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
जैन समुदाय के साथ अपने पुराने संबंधों को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें हमेशा जैन समुदाय के संतों का आशीर्वाद प्राप्त हुआ है। उन्होंने इस क्षेत्र में एक अत्याधुनिक अस्पताल स्थापित करने के लिए समुदाय को पूरा सहयोग देने की घोषणा भी की। भगवंत मान ने उम्मीद जताई कि यह अस्पताल पूरे उत्तरी क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवायें प्रदान करने में अग्रणी भूमिका निभायेगा।
