February 21, 2026

सालों में जनता का विश्वास भाजपा में बढ़ा :  नायब सैनी

मुख्यमंत्री ने पंचकूला स्थित नाड़ा साहिब गुरुद्वारा में माथा टेक घरौंडा तक किया रोड शो

पंचकूला – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि जनता का विश्वास भाजपा सरकार में बढ़ा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार द्वारा कराए गए कामों के दम पर जनता के बीच जाएंगे। श्री सैनी मंगलवार को पंचकूला में स्थित नाड़ा साहिब गुरुद्वारा में माथा टेकने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। यहां मुख्यमंत्री ने कहा कि नाडा साहिब गुरुद्वारा से आशीर्वाद लेकर वे करनाल से लोकसभा चुनाव का शंखनाद करेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, लोकसभा प्रत्याशी बंतो कटारिया, जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा और पूर्व विधायक लतिका शर्मा उपस्थित रहीं। नायब सैनी ने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश है। हरियाणा से 10 के 10 कमल खिलाकर मोदी जी के पास भेजने का काम हरियाणा करेगा। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को एक नई दिशा देने का काम किया है। गरीब व्यक्तियों को योजनाबद्ध तरीके से लाभ पहुंचाया है। सीएम सैनी ने कहा कि इन दस सालों में डबल इंजन की सरकार ने गरीबों के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम किया है। नायब सैनी ने कहा कि मोदी सरकार ने देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती से आगे बढ़ाने के साथ-साथ दुनिया में भारत के मान और सम्मान को उंचा किया है। चार करोड़ गरीब लोगों को पक्का मकान, गरीब महिलाओं को उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन और हर घर नल से जल देकर लोगों के जीवन को सरल बनाने का काम मोदी सरकार ने किया है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार किसान हितैषी सरकार है। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से जोड़कर उनको मजबूत और सशक्त करने का काम 10 सालों में हुआ है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना बनाकर मोदी सरकार ने किसानों को फसलों में होने वाले नुकसान से बचाया है। गरीब व्यक्ति को डबल इंजन की सरकार ने पांच लाख रुपये का अधिकार देकर आयुष्मान और चिरायु योजना के तहत देकर सुरक्षित किया है। नायब सैनी ने कहा कि डबल इंजन सरकार में बिना पर्ची और बिना खर्ची से नौकरियां लगने के कारण युवाओं का विश्वास भाजपा की सरकार पर बढ़ा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार प्रदेश के हित में और लोगों की सुरक्षा और सम्मान के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भारत को सशक्त और विकसित राष्ट्र बनाने के विजन पर काम कर रहे हैं। मोदी जी के विजन को सशक्त करने के लिए हरियाणा से 10 के 10 कमल खिलाकर प्रधानमंत्री मोदी के पास भेजेंगे। नाड़ा साहिब गुरुद्वारा से आशीर्वाद लेने के बाद रोड शो करते हुए मुख्यमंत्री का काफिला करनाल की ओर रवाना हुआ। अंबाला पहुंचने पर बलदेव नगर सैदपुर में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। भारी संख्या में उमड़े लोगों ने जयश्रीराम, भारत माता की जय, मोदी-नायब जिंदाबाद के नारे लगाए। इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला कुरूक्षेत्र पहुंचा जहां पिपली से कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। हजारों की संख्या में उमड़े लोग मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ करनाल पहुंचे जहां पर कार्यकत्र्ताओं ने श्री सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का स्वागत किया। मुख्यमंत्री बनने के बाद नायब सैनी पहली बार पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ घरौंडा पहुंचे जहां पर हजारों कार्यकत्र्ताओं ने दोनों नेताओं का अभिनंदन एवं स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *