February 15, 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इटली के लिए रवाना

नई दिल्ली , प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार शाम को इटली के लिए रवाना हो गए। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी 14 जून को जी7 आउटरीच शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए इटली जा रहे हैं। शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी।

इटली की यात्रा पर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा था कि शिखर सम्मेलन का फोकस एआई, ऊर्जा, अफ्रीका और भूमध्य सागर पर होगा। पीएम मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद अपनी पहली विदेश यात्रा पर यूरोपीय देश जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आउटरीच सत्र में वैश्विक दक्षिण के लिए महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। इटली के अपुलिया क्षेत्र के बोर्गो एग्नाज़िया के लक्जरी रिसॉर्ट में 13 से 15 जून तक आयोजित होने वाले जी-7 शिखर सम्मेलन में यूक्रेन में चल रहे युद्ध और गाजा में संघर्ष का मुद्दा छाए रहने की उम्मीद है।

पीएम मोदी ने कहा, ‘प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के निमंत्रण पर मैं 14 जून को जी-7 आउटरीच शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए इटली के अपुलिया क्षेत्र की यात्रा कर रहा हूं। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें खुशी है कि लगातार तीसरे कार्यकाल में उनकी पहली यात्रा जी-7 शिखर सम्मेलन के लिए इटली की है।

मोदी ने कहा, ‘आउटरीच सत्र में चर्चा के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऊर्जा, अफ्रीका और भूमध्य सागर पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।’ उन्होंने कहा, ‘यह भारत की अध्यक्षता में आयोजित जी-20 शिखर सम्मेलन और आगामी जी-7 शिखर सम्मेलन के परिणामों के बीच बेहतर तालमेल लाने तथा वैश्विक दक्षिण के लिए महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श करने का अवसर होगा।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *