वर्षा जल निकासी के निवारक उपाय सुनिश्चित किये जायें – एसडीएम
शहरी क्षेत्र में बरसात के दौरान पानी निकासी की सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए
राज घई,श्री आनंदपुर साहिब,
जिला उपायुक्त डॉ. प्रीति यादव के नेतृत्व में आज जमीनी स्तर पर बाढ़ से बचाव के इंतजामों का निरीक्षण कर आम लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए बाढ़ से बचाव के उपायों की समीक्षा की गयी। इस अवसर पर राजपाल सिंह सेखो सब डिविजनल मजिस्ट्रेट श्री आनंदपुर साहिब, उनके साथ हरबख्श सिंह कर्जा साधक अधिकारी श्री आनंदपुर साहिब मौजूद रहे।
राजपाल सिंह सेखों उपमंडल मजिस्ट्रेट आज लोदीपुर गेट, तंदूरी प्वाइंट, टी प्वाइंट वेरकन चोंक पहुंचे और बरसाती नालों की सफाई का निरीक्षण किया।शहर में पानी रुकने से सीवेज ओवरफ्लो हो जाता है, गलियों, नालियों और सड़कों पर पानी रुक जाता है और लोगों के घरों में घुस जाता है। जिससे प्रदूषण फैलता है और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, वहीं अगर पानी की निकासी निर्बाध रहे तो बरसात के मौसम में शहर में स्वच्छता बरकरार रहती है। उन्होंने कहा कि नालियों, सड़कों के आसपास के क्षेत्रों, रेलवे लाइनों के नीचे सड़क पुलियाओं की पूरी तरह से सफाई की जाए, दवा का लगातार छिड़काव किया जाए, लोगों को सड़कों और गलियों में सिंगल यूज प्लास्टिक और कूड़ा-कचरा न फेंकने के लिए प्रेरित किया जाए व वर्षा जल की निकासी की सुचारू व्यवस्था की जाय। उन्होंने कहा कि अधिकारी लगातार शहरों और गांवों में वर्षा जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं, शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस खुद इन व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं, सतलुज नदी के बांधों को मजबूत किया गया है।
