प्रेस क्लब ऊना ने वनगढ में किया पौधारोपण
अजय कुमार, ऊना, प्रैस क्लब ऊना व वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को वनगढ़ के समीप पौधारोपण किया गया। इस कार्यक्रम में डी.एफ.ओ. ऊना सुशील कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रैस क्लब ऊना के अध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा ने की। इस मौके पर प्रैस क्लब के पदाधिकारियों व सदस्यों सहित वन कर्मियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए। पौधारोपण के लिए प्रैस क्लब के साथ-साथ वन विभाग के कर्मियों में काफी उत्साह था।
डी.एफ.ओ. ऊना सुशील कुमार ने कहा कि प्रैस क्लब ऊना पौधारोपण के इस पुण्य के कार्य में वन विभाग के साथ जुड़ा है जो सराहनीय है। इस क्षेत्र में करीब 800 पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इसका समाज में अच्छा संदेश जाएगा। इससे जिला ऊना के साथ-साथ पूरे प्रदेश में पौधारोपण अभियान में और भी तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि इस पौधारोपण से वनों को हरा भरा करने के वन विभाग के प्रयास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि वन विभाग द्वारा बरसात के इस मौसम में 132 हैक्टेयर क्षेत्रफल में पौधारोपण किया जाएगा। इसमें 86 हजार पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वन विभाग द्वारा जो पहले पौधारोपण किया गया है और उसका भी रखरखाव किया जाएगा। यदि सभी पौधारोपण को मिलाया जाए तो 2 लाख से अधिक पौधारोपण होगा।
