February 13, 2026

जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी पूरी

जिला स्तरीय समारोह में राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार करेंगे ध्वजारोहण

डीसी ने लिया जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का जायजा

नारनौल, 14 अगस्त। लघु सचिवालय के पीछे स्थित मैदान में 15 अगस्त को होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए जिला प्रशासन ने सभी प्रकार की तैयारी पूरी कर ली हैं। उपायुक्त मोनिका गुप्ता (आईएएस) ने लघु सचिवालय के पीछे स्थित मैदान में मनाए जाने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। इस समारोह में राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार ध्वजारोहण करेंगे। वहीं राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल महेंद्रगढ़ में नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव, कनीना के राजकीय महाविद्यालय में फरीदाबाद विधायक नरेंद्र गुप्ता व नांगल चौधरी सब्जी मंडी में हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड के चेयरमैन भारत भूषण मिड्ढा ध्वजारोहण करेंगे।
उपायुक्त मोनिका गुप्ता (आईएएस) ने बताया कि लघु सचिवालय के पीछे स्थित मैदान में होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में 8 स्कूलों की सांस्कृतिक टीमें देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम पेश करेंगी। सांस्कृतिक टीमों में राजकीय माध्यमिक संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारनौल हरियाणवी नृत्य, पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारनौल हरियाणवी नृत्य, गुरु द्रोणाचार्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढाणी किरारोद राजस्थानी लोक नृत्य, आरपीएस वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुराणा एक पेड़ मां के नाम, एसडी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ककराला देशभक्ति गीत, एएसडी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारनौल हरियाणवी लोक नृत्य, आरएनआर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सलीमपुर देशभक्ति गीत व यदुवंशी पब्लिक स्कूल नारनौल के विद्यार्थी बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा एमआर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अटेली के विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रगान होगा।
वहीं परेड की 10 टुकड़ियों में पुलिस प्लाटून की 2, एनसीसी जूनियर एवं सीनियर की 2, होमगार्ड प्लाटों की एक, स्काउट प्लाटून दो, कब और बुलबुल की एक-एक तथा रेड क्रॉस ब्रिगेड की टुकड़िया शामिल होंगी। डीएसपी हरदीप सिंह परेड कमांडर होंगे। मुख्य मंच के एक और वीआईपी के लिए वहीं दूसरी और प्रेस गैलरी तथा सम्मानित होने वाले नागरिकों तथा अधिकारी कर्मचारियों के लिए बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही स्कूली बच्चे भी बैठेंगे।
बहुत अधिक बारिश होने की सूरत में जिला स्तरीय समारोह को लघु सचिवालय के पीछे ग्राउंड में करवाने के लिए व्यवस्था की गई है।
सुरक्षा के मद्देनजर जिला पुलिस ने विभिन्न नाकों पर निगरानी बढ़ा दी है तथा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड आदि पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

बॉक्स:
यह रहेगा शेड्यूल
कार्यक्रम में ठीक 8.58 बजे समारोह स्थल पर मुख्यातिथि का आगमन होगा। 9 से 9.02 बजे राष्ट्रीय ध्वजारोहण तथा राष्ट्रीय धुन, 9.02 से 9.15 बजे मुख्यातिथि परेड का निरीक्षण करेंगे। 9.15 से 9.30 बजे तक मुख्यातिथि का भाषण होगा। 9.30 से 9.40 तक मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। 9.40 से 9.50 बजे तक सामूहिक पीटी प्रदर्शन, 9.50 से 10.40 तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 10.40 से 10.50 तक पुरस्कार वितरण तथा 10.50 पर राष्ट्र गान के साथ समारोह का समापन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *