भाजपा स्थापना दिवस समारोह की तैयारियां पूरी
नखरेड मुंशीयां में होगा भव्य आयोजन
रजनीश, हमीरपुर/ सुजानपुर: भारतीय जनता पार्टी अपने स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 6 अप्रैल को सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की टिब्बी पंचायत के अंतर्गत भड़मेली के पास नखरेड मुंशीयां में एक भव्य समारोह का आयोजन करने जा रही है जिसे लेकर स्थानीय जनता तथा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
भाजपा मंडल सुजानपुर टीहरा के अध्यक्ष जसवंत सिंह एवं भाजपा मंडल बमसन के अध्यक्ष प्रोफेसर विक्रम राणा ने बताया कि इस समारोह की तैयारियां पूरे जोर-जोर से चली हुई है और संयोग से इस दिन पूर्व विधायक राजेंद्र राणा का जन्मदिन भी है।
दोनों मंडल अध्यक्षों ने बताया कि यह समारोह भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक ताकत, सेवा भाव और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान को रेखांकित करेगा। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ एवं निष्ठावान कार्यकर्ताओं को उनके अमूल्य योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच विशेष ऊर्जा और समर्पण देखने को मिल रहा है। मंडल अध्यक्षों ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए जुटे हुए हैं।
जसवंत सिंह और प्रोफेसर विक्रम राणा ने बताया कि भाजपा की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई थी, और तब से लेकर अब तक यह पार्टी देश की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बन चुकी है। अपने विचारों, संगठनात्मक क्षमता और जनसेवा के सिद्धांतों के बल पर भाजपा ने न केवल देश में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। इस स्थापना दिवस समारोह के माध्यम से पार्टी अपने मूल्यों और उपलब्धियों को रेखांकित करेगी तथा भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा होगी।
भाजपा मंडल अध्यक्षों ने कहा कि यह समारोह पार्टी के गौरवशाली सफर को याद करने और कार्यकर्ताओं के समर्पण को सम्मानित करने का अवसर होगा। उन्होंने स्थानीय जनता से भी बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की।
