December 21, 2025

प्रतिभा सिंह दिल्ली से वापस लौटीं, प्रदेश में राजनीतिक हलचल तेज

शिमला: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रतिभा सिंह दिल्ली दौरे के बाद वापस शिमला लौट आई हैं। उनके शिमला पहुंचने के उपरांत राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई है। प्रतिभा सिंह बुधवार देर शाम वह शिमला पहुंचीं। वीरवार सुबह वह कांग्रेस पार्टी के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन पहुंचीं। यहां पर पार्टी नेताओं के साथ बैठक की।

मुलाकात के दौरान उन्होंने प्रदेश के ताजा राजनीतिक मसलों पर चर्चा की। वरिष्ठ नेताओं से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के गठन को लेकर भी उनका फीडबैक लिया। कई नेताओं ने प्रतिभा सिंह के साथ मुलाकात की। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस कमेटी के गठन को लेकर प्रक्रिया जारी है।

प्रतिभा सिंह ने कांग्रेस नेताओं से मुलाकात की और नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर उनसे सुझाव लिए। बीते सोमवार को प्रतिभा सिंह ने दिल्ली में पार्टी के प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ल से मुलाकात की थी।

इस दौरान नई कार्यकारिणी के गठन व पदाधिकारियों के प्रस्तावित नामों पर विस्तृत चर्चा की गई थी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हिमाचल कांग्रेस की राज्य, जिला व ब्लाक कार्यकारिणी भंग कर रखी है।

अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार व आयोग के सदस्य एडवोकेट दिग्विजय ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह से शिष्टाचार भेंट की। हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, पूर्व विधायक आदर्श सूद, कांग्रेस नेता देवेंद्र बुशहरी, अमित नंदा, अमित भरमौरी, नागरू राम, एसके सहगल, विनोद जिंटा, सार चंद मतराट, रामपाल सहित कई अन्य लोगों ने भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से भेंट की।

इस दौरान पार्टी नेताओं ने प्रदेश की ताज़ा राजनीति पर चर्चा करते हुए प्रदेश कांग्रेस संगठन के गठन को लेकर भी आपसी विचार विमर्श किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *