February 19, 2026

सरकार के जश्न की जानकारी नहीं: प्रतिभा सिंह

शिमला: हिमाचल प्रदेश में सरकार और संगठन के बीच तालमेल की कमी अभी भी बरकरार है। एक तरफ हिमाचल प्रदेश सरकार अपने कार्यकाल के 2 साल पूरा होने पर बड़े जश्न की तैयारी में जुटी है दूसरी तरफ हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का बिलासपुर में करवाए जा रहे जश्न पर बारे कहना है कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है व अभी उनके साथ इसको लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है।

शिमला स्थित कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकारों से बातचीत में प्रतिभा सिंह ने कहा कि सरकार ने दो वर्ष में आपदा के बावजूद अच्छा काम किया है। पांच गारंटियों को पूरा कर दिया गया है। महिलाओं को 1500 रूपये व पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया है।

संगठन इसे जनता के बीच पहुंचाएगा। इससे पहले प्रतिभा सिंह के बेटे एवं लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी कहा था कि उन्हें सरकार के दो वर्ष के जश्न कार्यक्रम की जानकारी नहीं है। उन्हें मीडिया से ही इसकी सूचना मिली है।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि बोर्ड व निगमों में रिक्त पदों पर ताजपोशी होनी चाहिए। विधानसभा चुनाव में पार्टी कार्यकर्ताओं ने खूब मेहनत की है। इसलिए ताजपोशी होनी चाहिए। सह प्रभारी संगठन के साथ सरकार के कामकाज का भी फीडबैक ले रहे हैं।

पार्टी नेता ब्लाक व जिला स्तर पर जाकर चर्चा करेंगे कि किस तरह के लोगों को आगे लाना है ताकि संगठन को मजबूत किया जा सके। फील्ड से फीडबैक लेने के बाद हाईकमान को रिपोर्ट देंगे। संगठन में पद उन लोगों को ही मिलेगा, जो काम करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *