February 25, 2026

10 हजार रुपये सहित पर्स लौटकर पुलिस ने दर्शायी ईमानदारी

दौलतपुर चौक (संजीव डोगरा)
क्षेत्र के गांव मरवाड़ी में स्थानीय पुलिस ने ईमानदारी का परिचय दिया है जिसकी खूब प्रशंसा हो रही है। रायपुर के पूर्व उपप्रधान तरसेम सिम्मी गत दिवस शाम के समय अपने निजी कार्य के चलते बाइक पर सवार होकर मरवाड़ी बाजार गए थे, लेकिन जब घर लौटे तो जेब से पर्स गायब पाया। तरसेम सिम्मी ने बताया कि उन्होंने पर्स को ढूंढने का काफी प्रयास किया लेकिन कोई सुराग न लगा। जिस पर वो निराश होकर घर लौट आए क्योंकि पर्स में 10 हजार रुपये के इलावा उनका आधार कार्ड, पैन कार्ड, लाइसेंस जैसे जरूरी डॉक्यूमेंट थे। लेकिन शनिवार सुबह पुलिस चौकी दौलतपुर चौक से फ़ोन आया और अपना पर्स ले जाने के लिए कहा गया। तरसेम सिम्मी ने बताया कि वो तुरन्त चौकी पहुंचे और अपना पर्स कलेक्ट किया जिसमें उनके दस हजार रुपये व जरूरी कागजात सुरक्षित मिले। विदित रहे उक्त पर्स गत शाम को गश्त पर निकले ए एस आई राजेन्द्र सिंह, हेड कॉन्स्टेबल भागा राम, होमगार्ड विरिंद्र इंटू आधारित पुलिस टीम को मिला और उन्होंने ईमानदारी का परिचय देते हुए पर्स में मिले डॉक्यूमेंट के आधार पर पता लगाकर उसके मालिक तरसेम सिम्मी को लौटा दिया। पुलिस कर्मचारियों की ईमानदारी की प्रशंसा हो रही है। उधर चौकी प्रभारी एसआई सुरजीत सिंह ने अपनी साथी पुलिस कर्मचारियों की ईमानदारी पर पीठ थपथपाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *