February 19, 2026

करतारपुर के गांव में कंबाइन को पुलिस ने जब्त कर लिया

50 हजार रुपये का पर्यावरण मुआवजा लगाया

जालंधर,  पराली जलाने की घटनाओं को रोकने और सुपर एस.एम.एस. कंबाइन हार्वेस्टर से धान की कटाई सुनिश्चित करने के लिये जिला प्रशासन द्वारा गठित विशेष टीमों द्वारा विभिन्न गांवों में कंबाइनों के निरीक्षण के दौरान करतारपुर के गांव जंड सराय में बिना सुपर एस.एम.एस. चल रही कंबाइन को पुलिस ने जब्त कर लिया है और 50 हजार रुपये का पर्यावरण मुआवजा लगाया गया है।

जिला उपायुक्त डाॅ हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि जिला प्रशासन ने पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, कृषि और पुलिस विभाग के अधिकारियों पर आधारित संयुक्त टीमों का गठन किया है, जिन्होंने जिले के गांवों का दौरा किया और कंबाइनों का निरीक्षण करने के अलावा किसानों को धान की फसल सुपर एस.एम.एस कंबाइनों के साथ करने के लिये प्रोत्साहित किया जा रहा है।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि पराली/ फसल अवशेष जलाने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिये जिला प्रशासन द्वारा बहुआयामी रणनीति अपनायी गयी है। पराली प्रबंधन के लिये जहां किसानों को सब्सिडी पर आधुनिक उपकरण उपलब्ध करवाये जा रहे हैं, वहीं निरंतर जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से पराली न जलाने का संदेश भी घर-घर पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की मदद के लिये जिला प्रशासन द्वारा पहले ही एक हेल्पलाइन नंबर 0181-2225005 जारी किया गया है, जिस पर किसान पराली/फसल अवशेष प्रबंधन और कंबाइन पर सुपर एसएमएस लगाने के लिये सहायता की खातिर संपर्क कर सकते हैं। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन ने सुपर एसएमएस के तहत ही धान की कटाई करने के निर्देश जारी कर दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं करने पर पहले उल्लंघन पर 50,000 रुपये, दूसरे उल्लंघन पर 75,000 रुपये और तीसरे उल्लंघन पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाने का प्रावधान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *