गायब 328 पावन स्वरूपों के मामले में पुलिस ने 15 जगह दी दबिश
सतिंदर कोहली के चंडीगढ़ निवास की भी तलाशी
अमृतसर, श्री गुरु ग्रंथ साहिब के 328 पावन स्वरूपों के गायब होने के मामले में जिला पुलिस ने शनिवार को जांच तेज करते हुए एक साथ 15 स्थानों पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस के अनुसार, इन ठिकानों में अमृतसर शहर के आठ स्थान शामिल हैं, जबकि चंडीगढ़ में दो, गुरदासपुर, रोपड़, तरनतारन और अमृतसर देहाती क्षेत्र में एक-एक जगह पर तलाशी ली जा रही है। सर्च अभियान सुबह से ही भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चल रहा है। इस मामले में पहले से गिरफ्तार किए गए आरोपी, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के करीबी बताए जा रहे सतिंदर सिंह कोहली के चंडीगढ़ स्थित निवास पर भी पुलिस की टीम ने गहन तलाशी ली। इसके अलावा मामले से जुड़े 15 अन्य संदिग्धों के घरों पर भी एक साथ सर्च की जा रही है।
पुलिस दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य अहम रिकॉर्ड खंगाल रही है, ताकि पावन स्वरूपों की आवाजाही और जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि इस संवेदनशील मामले में निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की जा रही है।
