February 19, 2026

दलित प्रेरणा स्थल पर बैठे 700 किसानों को पुलिस ने हिरासत में लिया

नोएडा- नोएडा के दलित प्रेरणा स्थल पर धरने पर बैठे किसानों को मंगलवार को हिरासत में ले लिया गया है। हजारों की संख्या में दलित प्रेरणा स्थल पर पहुंचे पुलिस बल ने 700 के करीब किसानों को हिरासत में ले लिया और दलित प्रेरणा स्थल को खाली कराया जा रहा है।

किसानों ने जबरन धरना खत्म कराने का आरोप पुलिस अधिकारियों पर लगाया है और यह भी कहा है कि मंगलवार सुबह से ही कई किसान नेताओं के घरों पर और दलित प्रेरणा स्थल पर पहुंचने वाले किसानों को पुलिस वालों ने रास्ते में ही रोककर हिरासत में ले लिया है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह से ही अलग-अलग संगठनों के किसान नेताओं के घरों पर पुलिस बल पहुंचने लगे थे और दलित प्रेरणा स्थल पर मौजूद किसानों को भी बड़ी संख्या में पुलिस बल ने सुबह से ही घेरना शुरू कर दिया था। इसके साथ-साथ अलग-अलग रास्तों से दलित प्रेरणा स्थल की तरफ आ रहे किसानों को भी रोककर हिरासत में ले लिया गया था।

इस दौरान किसान नेताओं ने आरोप लगाया है कि जबरन उनका धरना खत्म कराया जा रहा है। जबकि, उन्होंने सात दिन का वक्त प्राधिकरण के अधिकारियों को दिया था। भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता सुनील प्रधान ने बताया कि अपनी मांगों को लेकर किसान लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। मांगे पूरी नहीं होने पर ‘दिल्ली कूच’ की तैयारी की गई, लेकिन अधिकारियों ने सात दिन का समय मांगा। इस दौरान किसानों ने फैसला लिया कि रास्ते में दलित प्रेरणा स्थल में अब आगे सात दिनों तक आंदोलन किया जाएगा। वहां से अब पुलिस ने जबरन किसानों को हिरासत में लेकर धरने को खत्म करवाने की कोशिश की है। उनका कहना है कि इस जोर जबरदस्ती के चलते अब प्रदर्शन और भी ज्यादा उग्र होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *