पुलिस एवं आबकारी विभाग ने‘ऑल सीजंस’ मार्का अंग्रेजी शराब की 7800 बोतलें बरामद की
सिरसा , हरियाणा में सिरसा पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने एक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए डिंग थाना के गांव मोरीवाला क्षेत्र में एक ट्रक को रोका और अवैध रूप से ले जाई जा रही ‘ऑल सीजंस’ मार्का अंग्रेजी शराब की 7800 बोतलें बरामद की हैं। पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने आज बताया कि अवैध रूप से ले जायी जा रही शराब के आरोपी की पहचान विशाल पुत्र पप्पू राम निवासी बरवाला जिला हिसार के रुप में हुई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत डिंग थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरु की गई है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान अवैध शराब तस्करी में संलिप्त लोगों के बारे में नाम पता मालूम कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी ।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बरामद की गई 7800 शराब की बोतलों की स्थानीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपए बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए जिला पुलिस की और से पंजाब और राजस्थान से सटी सीमाओं तथा जिला के अंदर कुल 32 नाके लगाए गए है। नाकों से गुजरने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की बारिकी से जांच की जा रही है।गौरतलब है कि जिला पुलिस द्वारा लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आचार सहिंता लागू होने के उपरांत करीब दो माह की अवधि के दौरान करोड़ो रुपए के मादक पदार्थ, अवैध शराब तथा अवैध असला बरामद किया जा चुका है।
