February 16, 2026

22 फरवरी को PM मोदी करेंगे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ ‘नमो भारत कॉरिडोर’ का उद्घाटन

नई दिल्ली, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से मेरठ तक का सफर अब और भी तेज और सुहाना होने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 22 फरवरी को 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ ‘नमो भारत कॉरिडोर’ के शेष हिस्से का भव्य उद्घाटन करेंगे। इस बहुप्रतीक्षित उद्घाटन के साथ ही दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक का पूरा रूट यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके साथ ही एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है, जहां पीएम मोदी 23 किलोमीटर लंबी और 13 स्टेशनों वाली मेरठ मेट्रो को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इससे शहर और उसके आसपास की कनेक्टिविटी को बड़े स्तर पर नई रफ्तार मिलेगी।

दिल्ली में सराय काले खां और न्यू अशोक नगर के बीच 5 किलोमीटर और मेरठ दक्षिण से मोदीपुरम तक 21 किलोमीटर के ट्रैक का काम पूरी तरह संपन्न हो चुका है और अब यह यात्रियों के स्वागत के लिए तैयार है। रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम की रीढ़ कहा जाने वाला यह हाई-स्पीड कॉरिडोर सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद, गुलधर, मुरादनगर, मोदीनगर साउथ, मोदीनगर नॉर्थ और मेरठ साउथ जैसे कई अहम हाउसिंग और कमर्शियल इलाकों को आपस में जोड़ता है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम के अनुसार, इस कॉरिडोर का 55 किलोमीटर हिस्सा पहले से ही आम जनता के लिए चालू है, जिस पर 11 स्टेशनों के बीच शानदार सेवाएं दी जा रही हैं। 22 फरवरी को पूरे रूट के शुरू होने से न केवल दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ, बल्कि फरीदाबाद, गुरुग्राम और नोएडा के लाखों दैनिक यात्रियों के समय की भारी बचत होगी और उनका सफर बेहद आरामदायक बन जाएगा।

मेरठ मेट्रो और नमो भारत के संगम ने दिल्ली और मेरठ के बीच की दूरी को कम कर दिया है। 120 किमी प्रति घंटे की स्पीड से चलने वाली यह मेट्रो मेरठ साउथ और मोदीपुरम के बीच की दूरी बहुत कम समय में तय करेगी। वहीं, दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ का सफर अब सिर्फ 55 मिनट में पूरा होगा।

नमो भारत कॉरिडोर ने केवल यातायात को ही सुगम नहीं बनाया है, बल्कि इस पूरे रूट के आसपास की अर्थव्यवस्था और प्रॉपर्टी बाजार को भी नई उड़ान दी है। एनसीआरटीसी ने इस बात पर खास जोर दिया है कि कॉरिडोर के आसपास विशेष रूप से मेरठ, गाजियाबाद, मुरादनगर और मोदीनगर में रियल एस्टेट गतिविधियों में भारी उछाल आया है। पिछले दो सालों के भीतर नमो भारत स्टेशनों के महज दो किलोमीटर के दायरे में जमीनों की कीमतों में 30 से 67 प्रतिशत तक की जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालत यह है कि मेरठ में जो जमीन पहले 8,000 से 12,000 रुपये प्रति वर्ग गज के भाव पर थी, वह अब छलांग लगाकर 12,000 से 20,000 रुपये प्रति वर्ग गज तक पहुंच गई है। इस शानदार कनेक्टिविटी और बढ़ती मांग को देखते हुए कई बड़े बिल्डर्स ने भी इलाके में तेजी से अपने नए प्रोजेक्ट्स की घोषणा करनी शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *