February 25, 2026

कुरुक्षेत्र की चुनावी रैली में पीएम मोदी बोले, भाजपा ने पूरे हरियाणा को विकास की धारा से जोड़ा है

कुरुक्षेत्र: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के लोगों से आगामी राज्य चुनावों में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी का समर्थन करने का आह्वान किया। कुरुक्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि हरियाणा में फिर से बीजेपी की सरकार बनाने में मदद करें। देश के बुजुर्गों को दी गई गारंटी, मोदी ने पूरी कर दी है। मैं हरियाणा के सभी भाइयों-बहनों से कहूंगा कि आप अपने बाल-बच्चों का ध्यान रखिए, आपके माता-पिता की चिंता आपका ये बेटा, आपका ये भाई कर रहा है। हरियाणा में भाजपा सरकार पूरे सेवा भाव से काम कर रही है। बीते वर्षों में हरियाणा निवेश के मामले में, कमाई के मामले में देश के टॉप राज्यों में पहुंचा है। मुझे इस बात का गर्व होता है। हमने कांग्रेस की सरकार का वो दौर देखा है… विकास का पैसा सिर्फ एक जिले तक सीमित रह जाता था। इतना ही नहीं, वो पैसा किस-किस के जेब में जाता था, इसको भी हरियाणा का बच्चा-बच्चा जानता है। भाजपा ने पूरे हरियाणा को विकास की धारा से जोड़ा है। भाजपा सरकार के आने से पहले यहां आधे घरों में नल कनेक्शन नहीं था। आज हरियाणा करीब-करीब शत प्रतिशत नल से जल वाला राज्य बन रहा है। जनता की परेशानी से, जनता की समस्याओं से कांग्रेस को कभी कोई फर्क नहीं पड़ता। कांग्रेस से बड़ी बेईमान और धोखेबाज पार्टी देश में और कोई नहीं है। कांग्रेस किसानों के लिए बड़ी-बड़ी बातें करती है… उन्हें बड़े-बड़े सपने दिखाती है। सच्चाई ये है कि ये झूठ के अलावा कुछ नहीं है। अगर कांग्रेस में दम है, तो वो कर्नाटक और तेलंगाना में अपनी किसान योजनाएं क्यों नहीं लागू करती? कर्नाटक और तेलंगाना में विकास के सारे काम ठप्प हैं। कांग्रेस पार्टी की एक ही नीति है- चुनाव जीतने के लिए जनता का खजाना खाली करो। इसी तरह आप पंजाब की हालत देखिए… क्या कर दी है। ये लोग एमएसपी को लेकर कितना शोर मचाते हैं, जबकि हमारा हरियाणा देश का वो राज्य है, जो 24 फसलें एमएसपी पर खरीदता है। मैं कांग्रेस वालों से पूछता हूं वो लोग कर्नाटक और तेलंगाना में कितनी फसलें एमएसपी पर खरीदते हैं? वहां किसानों को कितना एमएसपी देते हैं? भाजपा की केंद्र सरकार ने किसान का बोझ अपने ऊपर लेने के लिए अनेक प्रयास किए हैं। कर्मचारियों की हितैषी भाजपा सरकार नई पेंशन स्कीम लेकर आई है। इसमें कर्मचारियों के लिए निश्चित पेंशन की गारंटी है। इस नई पेंशन स्कीम का व्यापक स्वागत हुआ है, सरकारी कर्मचारियों ने इस पर खुशी जताई है। कांग्रेस ने किसानों के साथ ही हमेशा देश की रक्षा करने वाले जवानों को भी धोखा दिया है। ये भाजपा सरकार ही है, जिसने पूर्व सैनिकों के लिए वन रैंक वन पेंशन लागू की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *