February 14, 2026

राष्ट्रीय अधिवेशन के समापन पर कांग्रेस पर बरसे पीएम मोदी

पार्टी को भ्रष्टाचार, परिवारवाद, तुष्टीकरण और अस्थिरता की जननी करार दिया

नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कांग्रेस को भ्रष्टाचार, परिवारवाद, तुष्टीकरण और अस्थिरता की जननी करार दिया और कहा कि वह इतनी हताश हो गई है कि उसके पास भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वैचारिक विरोध का भी साहस नहीं रह गया है, इसलिए ‘गाली-गलौज’ और ‘मोदी के खिलाफ झूठे आरोप’ ही उसका एकमात्र एजेंडा बन गया है। भाजपा के दो-दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस से देश को बचाना भाजपा के हर कार्यकर्ता का दायित्व है, क्योंकि उसका इतिहास सभी के सामने है। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस अस्थिरता, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की भी जननी है। सत्तर के दशक में जब देश में कांग्रेस के विरुद्ध गुस्सा बढ़ना शुरू हुआ तो उसने अस्थिरता का सहारा लिया। हर दल व नेता की सरकार को उसने अस्थिर किया। आज भी यह लोग अस्थिरता पैदा करने के लिए नई-नई साजिशें रच रहे हैं।’’विपक्षी गठबंधन ‘आईएनडीआईए’ पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि इस गठबंधन की भी यही पहचान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास विकास का न तो कोई एजेंडा नहीं है और न ही इसका कोई रोडमैप है। कांग्रेस पर देश को और कभी क्षेत्र के आधार पर बांटने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि उसका एक ‘सबसे बड़ा पाप’ यह रहा है कि वह देश की सेना का मनोबल तोड़ने से भी पीछे नहीं रही है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा और सामरिक शक्ति को नुकसान पहुंचाने में कांग्रेस ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। जब भी देश के रक्षा क्षेत्र में कोई काम हुआ, जब भी हमारी सेना ने कोई उपलब्धि हासिल की तो कांग्रेस ने हर बार उस पर सवाल खड़े किए।’’हिन्दुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) को लेकर पांच साल पहले कांग्रेस की ओर से उठाए गए सवालों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज यह मजबूती से आगे बढ़ रहा है और उसका बाजार मूल्य भी कितना बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि जब सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक की तो उसके पराक्रम पर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए थे और सफलता के प्रमाण मांगे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस भारतीय सेना के अपमान का कोई मौका नहीं छोड़ती है। कांग्रेस को एक ‘कंफ्यूज’ पार्टी करार देते हुए उन्होंने कहा कि उसमें एक लड़ाई और वह भी ‘बड़ी तगड़ी’ लड़ाई चल रही है, लेकिन ‘मजा’ यह है कि यह लड़ाई सिद्धांतों या योजनाओं के संबंध में नहीं चल रही है। उन्होंने कहा, ‘‘लड़ाई क्या चल रही है, आपको जानकर आश्चर्य होगा। कांग्रेस में एक वर्ग है जो कहता है कि मोदी पर तीखे हमले करो, व्यक्तिगत आरोप लगाओ और उसकी छवि खराब करने के लिए हर हथकंडे अपनाओ। कांग्रेस के अंदर एक दूसरा वर्ग भी है जो उसकी मूल परंपराओं से अलग है। वह कहता है कि मोदी पर व्यक्तिगत आरोप नहीं लगाओ। यानी कांग्रेस हमसे सैद्धांतिक मुद्दों पर लड़ाई नहीं लड़ रही है।’’उन्होंने कहा, ‘‘ कांग्रेस इतनी हताश है कि उसमें सैद्धांतिक या वैचारिक विरोध का साहस भी नहीं बचा है। इसलिए गाली-गलौज और मोदी पर झूठे आरोप ही उनका एकमात्र एजेंडा बन गया है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा को सिर्फ सरकार बनाने के लिए लोगों को नहीं जोड़ना है, बल्कि देश बनाने के लिए लोगों को जोड़ना है। उन्होंने कहा, ‘‘जो (लोग) किसी भी कारण से अब भी भाजपा से दूर हैं उन तक हमें पहुंचना है। सबका साथ, सबका विकास ही हमारा मंत्र है। हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने जो सपने देखे हैं, हमें उन्हें पूरा करने का समय आ गया है और इसके लिए भाजपा जरूरी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आज देश की जनता कह रही है कि भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई होती रहे, इसलिए भाजपा सरकार जरूरी है। महंगाई पर लगाम लगी रहे, देश के दुश्मनों में डर बना रहे, निवेश और नौकरी के अवसर बढ़ते रहे, भारत तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बने, भारत में तेजी से बुनियादी अवसंरचना का विकास हो, आत्मनिर्भर भारत अभियान सफल हो, करोड़ों भारतीयों को मुफ्त राशन मिलता रहे, किसानों को सम्मान निधि मिलती रहे, शत-प्रतिशत लाभार्थी तक तेजी से लाभ पहुंचती रहे…इसके लिए भाजपा सरकार जरूरी है।’’ उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से ‘अबकी बार 400 पार’ के नये संकल्प के साथ अपने क्षेत्र में जुट जाने का आह्वान भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *