मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन 21 जुलाई से 5 अगस्त तक, अधिकारी नियुक्त
जोगिंदर नगर, निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम जोगिंदर नगर मनीश चौधरी की अध्यक्षता में आज सेक्टर अधिकारी व सहायक सेक्टर अधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने बताया कि उपमण्डल में मतदान केंद्रों के भौतिक सत्यापन और न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं के निरिक्षण के लिए 21 जुलाई से 5 अगस्त, 2025 तक सेक्टर अधिकारियों और सहायक सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
उन्होंने बताया कि सभी नियुक्त अधिकारी सूची के अनुसार अपने निर्धारित क्षेत्रों में जा कर मतदान केन्द्रों का भौतिक सत्यापन और न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं का निरिक्षण करेंगे। इस कार्य में संबंधित बीएलओ पर्यवेक्षक भी सहयोग करेंगे। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रत्येक मतदान केंद्र का भौतिक निरीक्षण करें और वहां उपलब्ध स्थायी न्यूनतम सुविधाओं का आंकलन करें। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी मतदाता को मतदान के दिन किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक पोलिंग बूथ पर दिशा-सूचक संकेतक (साइनबोर्ड), स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त रोशनी, दिव्यांगजनों के लिए रैंप, और स्वच्छ शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध करवाई जाएंगी। साथ ही, मतदान केंद्रों की सुरक्षा, पहुंच और स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम ने यह भी बताया कि मतदान प्रतिशतता बढ़ाने और लोगों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के लिए एक व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य यह है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदान करने से वंचित न रहे। मतदान न केवल अधिकार है, बल्कि लोकतंत्र में भागीदारी की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
