एक ही छत के नीचे हो रही सुनवाई से लोगों में खुशी
हर शिकायत पर निश्चित अवधि में हो कार्यवाही
नारनौल, , उपायुक्त मोनिका गुप्ता (आईएएस) ने कहा कि समाधान शिविरों में आने वाली हर शिकायत पर अधिकारी तुरंत कार्यवाही शुरू करें। अगर उनके कार्यक्षेत्र से बाहर का मामला है तो उसे मुख्यालय पर भिजवाकर समाधान करवाया जाएगा। डीसी राज्य सरकार के निर्देशानुसार आज लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में बोल रही थी। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा भी मौजूद थे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि समाधान शिविर में आने वाली हर शिकायत पर अधिकारी अपने कॉमेंट लिखें ताकि पोर्टल पर उसे सही तरीके से चढ़ाया जा सके। कोई पॉलिसी से संबंधित मामला है तो उस मामले में मुख्यालय में भिजवाया जाएगा ताकि सरकार उसे पर फैसला ले सके। समाधान शिविर में आज 191 नागरिकों ने शिकायतें रखीं। इनमें से कइयों का मौके पर समाधान किया।
उन्होंने बताया कि समाधान शिविरों में प्रोपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, भूमि पंजीकरण, स्थानीय निकाय से अनापत्ति प्रमाण पत्र, नगर पालिकाओं से नक्शे की स्वीकृति, समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन, राशन कार्ड एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली, अपराध से संबंधित शिकायतों, बिजली, सिंचाई, जनस्वास्थ्य से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की जा रही है।
इस अवसर पर डीएमसी महावीर प्रसाद, एसडीएम डा जितेंद्र सिंह, नगराधीश मंजीत सिंह व अन्य विभागों के अधिकारी ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।
