February 20, 2026

खराब कम्प्यूटर की वजह से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा

फगवाड़ा,  फगवाड़ा के होशियारपुर रोड स्थित पावरकाम दफ्तर में अधिकारियों की अनुपस्थिति और खराब कम्प्यूटर की वजह से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह बात भारत स्वाभिमान के जिला प्रभारी दीपक खोसला ने कही। उन्होंने बताया कि वे किसी काम से आज पावरकाम दफ्तर गये तो ईमारत की हालत देख कर दंग रह गये जो किसी भूतिया खण्डहर जैसी प्रतीत हो रही थी। दफ्तर में काम करवाने आये आम लोगों ने बताया कि काफी दिनों से कम्प्यूटर खराब पड़ा है और बार-बार चक्कर काटने के बावजूद उनका कोई काम नहीं हो रहा। यहां तक कि लोगों के बैठने के लिये कुर्सियों की उचित व्यवस्था भी नहीं थी। खोसला ने बताया कि जब वे इस विषय में बात करने विभागीय अधिकारी के कार्यालय में पहुंचे तो वे भी वहां मौजूद नहीं मिले। दफ्तर के किसी कर्मचारी के पास किसी प्रश्न का कोई संतोषजनक जवाब नहीं था। जबकि लोग अपना कीमती समय निकाल कर बिजली का नया मीटर लगवाने, खराब मीटर ठीक करवाने अथवा लोड कम या ज्यादा करवाने जैसे अनेकों काम लेकर दफ्तर में भटकते फिरते हैं मगर उनकी कोई सुनवाई नहीं होती।
उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और बिजली मंत्री सहित पावरकाम के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग कर कहा कि फगवाड़ा के सभी बिजली घरों की ईमारतों का जीर्णोद्धार किया जाये। स्टाफ की कमी को पूरा किया जाये। लोगों की सुविधा के उचित प्रबंधों के साथ अधिकारियों को जनता के प्रति जवाबदेह बनाया जाये और इस बात का खास ख्याल रखा जाये कि बड़े अधिकारियों की अनुपस्थिति में लोगों को काम करवाने के लिये भटकना न पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *