भूस्खलन के कारण पठानकोट-डलहौज़ी-चंबा नेशनल हाईवे बंद
पंजाब और हिमाचल का संपर्क टूटा
पठानकोट, पठानकोट ज़िले के पहाड़ी इलाके में भूस्खलन के कारण पठानकोट-डलहौज़ी राष्ट्रीय राजमार्ग बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही एक जगह सड़क भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। इतना ही नहीं, एक ट्रक भी इसकी चपेट में आ गया, लेकिन ट्रक चालक बाल-बाल बच गया। फ़िलहाल, पठानकोट-डलहौज़ी-चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है और दोनों तरफ़ वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं, वहीं पंजाब और हिमाचल का संपर्क टूट गया है।
बता दें कि बीती रात से हो रही बारिश के कारण पठानकोट ज़िले के पहाड़ी इलाके में भूस्खलन की घटनाएँ सामने आ रही हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले तीन दिन राज्य में अच्छी बारिश की संभावना है और बारिश सामान्य से ज्यादा हो सकती है। बीते दिन भी कुछ जिलों में बारिश हुई। लुधियाना में 0.2 मिमी, पटियाला में 1.4 मिमी, मोहाली में 3 मिमी और रूपनगर में 10 मिमी वर्षा हुई।
