पद्मश्री नेकराम शर्मा द्वारा प्रशिक्षित किए गए प्रतिभागी
हर-घर श्रीअन्न मुहिम में करें सहयोग : नेकराम शर्मा
सुंदरनगर, हिमाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा प्रायोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में मोटे अनाज की खेती व अपनी विशिष्ट सेवाओं के लिए पद्मश्री से पुरश्कृत नेक राम शर्मा बतौर मुख्यतिथि शामिल हुए। कृषक प्रशिक्षण केंद्र सुंदरनगर की प्रधानाचार्य डॉ प्राची ने पद्मश्री नेकराम शर्मा को सम्मानित किया और उनकी “हर-घर श्रीअन्न” मुहिम के संघर्ष व अनुभव को जाना। पद्मश्री नेक राम शर्मा ने जिला हमीरपुर और कांगड़ा से आई पशु व कृषि सखियों को मोटे अनाज के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आधुनिक युग में लोगों का खानपान बिल्कुल खराब हो चुका है। असंतुलित भोजन के सेवन से कई बीमारियां उत्पन्न हो रही है। आज जब पूरी दुनिया में श्री अन्ना/मोटे अनाज के फायदों के बारे में अनुसंधान हुआ तो यह बहुत ही उपयोगी साबित हुआ है। पूरी दुनिया में इसके बारे में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और वर्ष 2023 को अंतरराष्ट्रीय पोषक अनाज वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे हर-घर श्री अन्न मुहिम में उनका सहयोग करें तथा अपने-अपने घरों से मोटे अनाज के भोजन की शुरुआत करें। पोषक अनाज के बारे में जिस प्रकार सरकार और कृषि विभाग ने जो पहल की है वह एक सराहनीय कदम है परंतु मुहिम को सफल बनाने में जनता की जागरूकता व सहयोग की आवश्यकता है। इस अवसर पर खंड तकनीकी प्रबंधक सुंदर नगर लेखराज ने प्राकृतिक खेती के बारे में महिलाओं को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती में किसी भी रासायनिक उर्वरको एवं कीटनाशकों का प्रयोग वर्जित है। इस तकनीक में सभी प्राकृतिक चीजों का ही प्रयोग किया जाता है जिससे फसल जहर मुक्त होती है और इसका सेवन करने से किसी भी प्रकार की बीमारी से ग्रस्त होने का खतरा नहीं होता है। इस अवसर पर समन्वयक कृषि विकास अधिकारी अमर सिंह कौंडल व प्रशिक्षण अधिकारी डॉ भारत भूषण, कृषक प्रशिक्षण केंद्र के समस्त अधिकारीगण सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
