परिवार पहचान पत्र हरियाणा सरकार का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम : एडीसी सलोनी शर्मा
️जिलाभर में डीसी कैप्टन शक्ति सिंह के मार्गदर्शन में परिवार पहचान पत्र में डेटा सत्यापन कराने व दस्तावेजों में सुधार के लिए प्रत्येक गांव और शहर में वार्ड स्तर पर प्रात: नौ बजे से शाम चार बजे तक चिन्हित स्थानों पर कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में पहुंचकर नागरिक डाटा सत्यापन संबंधी कार्य पूरे करा सकते हैं। डाटा सत्यापन को लेकर यह विशेष शिविर 22 जून तक आयोजित किए जाएंगे, जिसमें नागरिकों की पीपीपी संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान होगा।
एडीसी सलोनी शर्मा ने यह जानकारी अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने बताया कि परिवार पहचान पत्र हरियाणा सरकार का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है, इसके तहत शत प्रतिशत जनसंख्या परिवार पहचान पत्र में कवर होनी चाहिए। उन्होंने दोहराया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए परिवार पहचान पत्र जरूरी दस्तावेज है,कोई भी नागरिक पीपीपी से वंचित ना रहे, अगर उनके पीपीपी में किसी प्रकार की कोई त्रुटि है,तो उसे नियमानुसार दुरुस्त कराए।
एडीसी सलोनी शर्मा ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा आमजन की परिवार पहचान पत्र से संबंधित समस्याओं का समाधान व डाटा सत्यापित करने के लिए नागरिक संसाधन सूचना विभाग द्वारा हरियाणा परिवार पहचान पत्र प्राधिकरण (एचपीपीए) के माध्यम से इन कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कैंपों में सभी अपडेट परिवारों को हस्ताक्षरित परिवारों में बदलना, पीपीपी डेटा जैसे जन्म तिथि सत्यापन, हस्ताक्षर संबंधी मामले, सिंगल मैंबर,मोबाइल नम्बर से जुड़ी त्रुटि दुरुस्त करना सहित 12 बिन्दुओं से जुड़े डेटा सत्यापन कार्य होंगे। उन्होंने कहा कि नागरिक डेटा सत्यापित कराने व दस्तावेज में सुधार के लिए जिला के ग्राम एवं वार्ड स्तर पर लगने वाले कैंपों का लोग ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाएं और सरकारी योजनाओं व सेवाओं का लाभ उठाने के लिए अपना परिवार पहचान पत्र अपडेट अवश्य कराएं।
◾️एडीसी ने की डॉ भीमराव अंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना की समीक्षा
इसके उपरांत एडीसी सलोनी शर्मा ने डॉ भीमराव अंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से आवेदनों की वेरिफिकेशन कार्य मे तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के मकान नवीनीकरण के लिए चल रही अम्बेडकर आवास नवीनीकरण योजना के तहत किये आवेदनों की वेरिफिकेशन बेहद जरूरी है,जिसे समय रहते पूरा किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थी को योजना का त्वरित लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत अनुसूचित जाति व बीपीएल कार्ड धारकों को उनके घर के नवीनीकरण एवं मरम्मत के लिए एकमुश्त 80 हजार तक वित्तीय सहायता अनुदान के रूप में प्रदान की जाती है। एडीसी ने इस योजना के लिए आवेदन करने वाले परिवारों के मकानों का भौतिक सत्यापन करते हुए आवेदनों को मंजूरी प्रदान करने के निर्देश दिए,ताकि पात्र लाभार्थी को योजना का लाभ प्रदान किया जा सके।
यह अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर एसडीएम झज्जर रविन्द्र यादव,एसडीएम बादली सतीश यादव,एसडीएम बहादुरगढ़ परमजीत सिंह चहल, एसडीएम बेरी रविंद्र मलिक,डीएमसी परवेश क़ादियान,डीआरओ प्रमोद चहल,डिप्टी सीईओ निशा तंवर,जिला प्रबंधक योगेश कुमार के अलावा सभी बीडीपीओ,तहसीलदार व संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
