February 20, 2026

पाकिस्तान के परमाणु हथियार दिखावे के लिए नहीं हैं: हनीफ अब्बासी

भारत को दी परमाणु हमले की धमकी

इस्लामाबाद: पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बने तनाव के दौरान पाकिस्तान के मंत्री हनीफ अब्बासी ने भारत को परमाणु हमले की धमकी देकर तनाव को और बढ़ा दिया है। अब्बासी ने साफ कहा कि पाकिस्तान के परमाणु हथियार दिखावे के लिए नहीं हैं।

अब्बासी ने कहा कि अगर भारत सिंधु जल संधि को निलंबित करके पाकिस्तान की जल आपूर्ति को रोकने की हिम्मत करता है, तो उसे युद्ध के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर वे हमें पानी की आपूर्ति बंद कर देते हैं, तो उन्हें युद्ध के लिए तैयार रहना चाहिए। हमारे पास जो सैन्य उपकरण हैं, जो मिसाइलें हैं, वे प्रदर्शन के लिए नहीं हैं। कोई नहीं जानता कि हमने देश भर में अपने परमाणु हथियार कहां रखे हैं। मैं फिर से कहता हूं, ये बैलिस्टिक मिसाइलें, ये सभी आप पर लक्षित हैं।

हनीफ अब्बासी की यह प्रतिक्रिया पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ की गई कार्रवाई के बाद आई है। आपको बता दें, भारत सरकार ने 1960 की सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा भी भारत सरकार की ओर से कई कदम उठाए गए हैं।

पाकिस्तान द्वारा भारतीय उड़ानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद करने से होने वाली अव्यवस्था का जिक्र करते हुए, उन्होंने केवल दो दिनों में भारतीय विमानन क्षेत्र में मची अफरा-तफरी की ओर इशारा किया। अब्बासी ने कहा कि अगर चीजें अगले 10 दिनों तक इसी तरह जारी रहीं, तो भारत में एयरलाइंस दिवालिया हो जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *