February 20, 2026

सी-विजिल पर दर्ज हुई 2046 शिकायतों में से 1955 का किया तय समय में समाधान

मानदंड पूरा न करने पर 83 शिकायतें की ड्राप

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि जिले की चारों विधानसभा (बहादुरगढ़, बेरी, बादली व झज्जर) में आदर्श आचार संहिता की सख्ती से पालना सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि सी-विजिल एप पर आने वाले शिकायतों पर तय समय में एक्शन लिया जा रहा है। जिले में अभी तक सी-विजिल एप पर 2046 शिकायतें प्राप्त हुई जिनका निर्धारित समय में समाधान किया गया।

यह जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सी-विजिल एप की व्यापक निगरानी हेतु लघु सचिवालय परिसर स्थित कंट्रोल रूम से की जा रही है। उन्होंने बताया कि अभी तक सी-विजिल एप के माध्यम से प्राप्त हुई 2046 शिकायतों में 1955 शिकायतें सही पाई गई, जिनका निर्धारित समय में समाधान कर दिया गया। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानदंड को पूरा न करने के कारण 83 शिकायतों को ड्रॉप किया गया है। उन्होंने बताया कि इस ऐप के माध्यम से अधिकतम 100 मिनट की समय सीमा में प्राप्त शिकायतों का समाधान किया जा सकता है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सी-विजिल के माध्यम से कोई भी व्यक्ति आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत दे सकता है। इस ऐप की सबसे खास बात यह है कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाने का भी विकल्प है। कोई भी व्यक्ति एंड्रॉयड आधारित सी-विजिल एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *