रैपर बादशाह को गिरफ्तार करने का आदेश, पासपोर्ट भी जब्त होगा
पानीपत, रैपर सिंगर बादशाह की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। हरियाणा महिला आयोग ने बॉलीवुड सिंगर-रैपर बादशाह की गिरफ्तार के आदेश दिए हैं। आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने पंचकूला और पानीपत एसपी को उनकी गिरफ्तारी और पासपोर्ट जब्ती के निर्देश दिए हैं। दरअसल मशहूर रैपर बादशाह अपने नए गाने ‘टटीरी’ को लेकर विवादों में छाए हुए हैं। इस गाने के लिरिक्स के लिए रैपर को सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है। कुछ लोग उनके इस गाने को बिल्कुल भी पसंद नहीं कर रहे हैं और रैपर की कड़ी आलोचना भी कर रहे हैं।
सिंगर को आज महिला आयोग के समक्ष पेश होना था। उनकी तरफ पेश हुए वकीलों ने दलील दी कि किसी प्रोफेशनल कमिटमेंट में व्यस्त होने की वजह से बादशाह नहीं आ सके। आयोग से आगे का टाइम मांगा गया। इस पर महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया मीटिंग में ही भड़क गई। उन्होंने चेतावनी दी- बादशाह अगर 3 बजे तक पेश नहीं हुए तो उनके खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जाएगा। इसके बाद उन्होंने पंचकूला और पानीपत एसपी को उनकी गिरफ्तारी और पासपोर्ट जब्ती के निर्देश दिए।
