गुरु नगरी की सेवा का मौका मेरे लिए भाग्यशाली यादगार पल – हिमांशु जैन, डिप्टी कमिश्नर रूपनगर
सचिन सोनी, श्री आनंदपुर साहिब : हिमांशु जैन आईएएस रूपनगर जिले के डिप्टी कमिश्नर के रूप में अपना कार्यभार संभालने के बाद तख्त श्री केशगढ़ साहिब श्री आनंदपुर साहिब में नतमस्तक हुए। उन्हें मैनेजर मलकीत सिंह, एडिशनल मैनेजर करमजीत सिंह, हेड ग्रंथी जुगिंदर सिंह ने सिरोपा और तख्त साहिब की यादगार तस्वीर देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि श्री आनंदपुर साहिब गुरु साहिबान की चरण छोह प्राप्त पवित्र धरती है। इस स्थान की सेवा का मौका उनके जीवन के यादगारी पल रहेंगे। उन्होंने कहा कि श्री आनंदपुर साहिब के आसपास की तरक्की और विकास में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होगा। लाखों श्रद्धालु इस पवित्र नगरी के धार्मिक स्थलों में नतमस्तक होने के लिए देश-विदेश से आते हैं, उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए इस पवित्र धार्मिक-ऐतिहासिक नगरी को सभी बुनियादी सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इस इलाके की स्वच्छता के लिए विशेष उपाय किए जाएंगे। उनके साथ उप मंडल मजिस्ट्रेट राजपाल सिंह सेखों, तहसीलदार संदीप कुमार, नायब तहसीलदार भी मौजूद थे।
