अग्निपथ योजना तथा रेगुलर एंट्री के तहत भर्ती वर्ष 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 13 फरवरी से आरंभ
सेना भर्ती कार्यालय, रोहतक द्वारा अग्निपथ योजना तथा रेगुलर एंट्री के तहत भर्ती वर्ष 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 13 फरवरी से आरंभ हो चुकी है, जो 01 अप्रैल तक चलेगी। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित अवधि के दौरान आधिकारिक पोर्टल www.joinindianarmy.nic.in पर आवेदन कर सकते हैं।
सेना भर्ती कार्यालय रोहतक के निदेशक ने जानकारी देते हुए बताया कि भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण में ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा (सीईई) तथा द्वितीय चरण में भर्ती रैली आयोजित होगी। अभ्यर्थियों के लिए वेबसाइट पर पंजीकरण करवाना अनिवार्य है तथा 1 अप्रैल के बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि रोहतक, झज्जर, सोनीपत और पानीपत जिलों के ऐसे युवा, जिनका जन्म 01 जुलाई 2005 से 01 जुलाई 2009 के बीच हुआ है और जिन्होंने 10वीं या 12वीं की परीक्षा दी है तथा परिणाम की प्रतीक्षा कर रहे हैं, वे भी अन्य पात्रता शर्तें पूरी करने पर आवेदन कर सकते हैं।
अग्निपथ योजना के अंतर्गत अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर क्लर्क व स्टोर कीपर टेक्निकल, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर ट्रेड्समैन (10वीं पास) तथा अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं पास) के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अभ्यर्थी अधिकतम दो श्रेणियों के लिए अलग-अलग आवेदन कर सकते हैं। रेगुलर एंट्री के तहत सैनिक नर्सिंग सहायक और सिपाही फार्मा पदों के लिए आवेदन किए जा सकते हैं। आवेदन शुल्क 250 रुपये निर्धारित है, जिसका भुगतान ऑनलाइन करना होगा।
उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि आवेदन करने से पूर्व नोटिफिकेशन को ध्यानपूर्वक पढ़ें और भर्ती प्रक्रिया को भली-भांति समझ लें। आवेदन करते समय अपना निजी मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी सही दर्ज कर सबमिट अवश्य करें, ताकि भविष्य की सूचना समय पर प्राप्त हो सके।
