February 25, 2026

जिला में 57 राशन डिपो के लिए ऑनलाइन आवेदन 7 अगस्त तक

चरखी दादरी, हरियाणा सरकार ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में 3224 नए राशन डिपो के लाइसेंस के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। उपायुक्त प्रीति ने बताया कि 29 जुलाई शनिवार से आवेदन के लिए अंत्योदय सरल पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं और 7 अगस्त तक आवेदन किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि सरकार की नीति के अनुसार राशन डिपो में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान लागू हो गया है। प्रदेश में पहले से चल रहे राशन डिपो में महिलाओं के बैकलॉग को पूरा करने के लिए नए लाइसेंस आवंटन में यह प्रावधान किया गया है। कुल 3224 में से 2382 राशन डिपो महिलाओं को दिए जाएंगे।
उपायुक्त ने बताया कि राज्य में नए राशन डिपो की आवंटन नीति के तहत दादरी जिला में 57 राशन डिपो दिए जाएंगे। इसके तहत प्रति 300 लाभार्थी राशनकार्डों पर उचित मूल्य की एक सरकारी दुकान यानी राशन डिपो का संचालन किया जाना है। साथ ही, प्रदेश में राशन डिपो में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को लागू किया गया है। जिसके तहत हर दूसरे डिपो के बाद तीसरा डिपो महिला को अलॉट किया जाएगा। राशन डिपो के लिए आवेदन और चयन की प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पहली बार की जा रही है। सात अगस्त तक अंत्योदय सरल पोर्टल पर आवेदन प्राप्त किए जाने के बाद अगस्त माह में ही जिला स्तर पर छंटनी और चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और एक सितंबर 2023 को नए डिपो धारकों की सूची जारी कर दी जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि राशन डिपो की अलॉटमेंट प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाएगा। डिपो का आवेदक संबंधित वार्ड या गांव का निवासी होना चाहिए, जिसकी उम्र 21 से 45 वर्ष के बीच हो। आवेदक की शैक्षणिक योग्यता कम से कम 12वीं पास हो और उसको कम्प्यूटर का ज्ञान होना अनिवार्य है। राशन डिपो अलॉटमेंट में तेज़ाब हमले से पीडि़त महिलाओं और विधवाओं को वरीयता देने का प्रावधान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *