प्रभु को साक्षी मानकर ही जीवन यापन करना चाहिए- बाबा बाल जी महाराज
संजीव डोगरा,दौलतपुर चौक,
दौलतपुर के साथ लगते गांव डंगोह खास में राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज ने एक धार्मिक कार्यक्रम में प्रवचनों से भक्तों का मार्गदर्शन किया गया। राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज ने भक्ति की शक्ति का महत्व बताते हुए कहा कि जो मनुष्य प्रभु को साक्षी मानकर जीवन में हर कार्य करता है वह सदैव प्रभु की कृपा का पात्र बना रहता है। ऐसा प्राणी कभी गलत मार्ग पर नहीं चल सकता। इसलिए हमेशा प्रभु को साक्षी मानकर ही जीवन यापन करना चाहिए। पूज्य श्री ने कहा कि प्राणी को आदर, सम्मान व निस्वार्थ भावना से जीवन यापन करना चाहिए। भगवान की ओर से दिए गए अनमोल जीवन को प्रभु को समर्पित करके ही जीवन व्यतीत करना चाहिए। ‘हरे कृष्णा हरे कृष्णा कृष्णा कृष्णा हरे हरे’ के दिव्य शब्दों के उच्चारण से समूचा पंडाल कृष्णमय बना रहा। इस मौके पर गगरेट के विधायक चैतन्य शर्मा ने उपस्थित हो कर बाबा बाल जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य सुशील कालिया संजय पुर्जा, दिलदार सिंह, कुलदीप, धर्म चंद जसवाल व भारी संख्या में स्थानीय बाबा जी के भक्त उपस्थित रहे।
