अंब में जमीनी विवाद के चलते गोली मारी, एक की मौत
ऊना: हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के कस्बे अंब के गांव कोहाड़छन मैं एक जमीनी विवाद के चलते मामूली कहासुनी हो जाने के बाद एक पक्ष ने गोली चला दी जिससे दूसरे पक्ष के बाप बेटे घायल हो गए। घटना के उपरांत उन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया। पिता की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें डॉक्टरों ने पीजीआई रेफर कर दिया जहां उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान राजीव कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर उपस्थित प्रियंका देवी के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रियंका ने बताया कि मंगलवार रात करीब 9:00 बजे राजीव, उसकी पत्नी रेखा व बेटा आदित्य मनकोटिया खाना खाने के बाद अपने कुत्तों को सड़क पर टहल रहे थे। इस दौरान उनके पड़ोस में रहने वाला रिटायर पुलिसकर्मी हरदेव सिंह मौके पर आ गया और उसने गाली गलौज शुरू कर दी।देखते ही देखते उसने बंदूक तान दी व राजीव कुमार ने जब उसे ऐसा करने से रोका तब उसने गोली चला दी जो राजीव कुमार की छाती पर लगी। प्रियंका के अनुसार पिता को गोली लगी देखकर तुरंत उनके 18 वर्षीय बेटे आदित्य मनकोटिया बचाव में आया लेकिन आरोपी ने उसे पर भी फायर करते हुए उसे भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। प्रियंका के अनुसार दोनों परिवारों में जमीन व रास्ते को लेकर विवाद था।
पुलिस को शुरुआती पूछताछ में हरदेव सिंह ने बताया कि उसका राजीव कुमार के साथ जमीन व रास्ते का विवाद चल रहा था जिसको लेकर उसने उन्हें कई बार उसके घर के आगे से न गुजरने की हिदायत दे रखी थी।
