February 24, 2026

एक दिवसीय एम.एस.एम.ई. तथा कृषि ऋण मेला आयोजित

सोलन, कमल जीत: उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि युवा सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एम.एस.एम.ई.) से ऋण लेकर स्वरोज़गार प्रदाता बनकर अपने भविष्य को सवारे। मनमोहन शर्मा आज यहां अग्रणी बैंक (यूको) द्वारा आयोजित एक दिवसीय एम.एस.एम.ई. तथा कृषि ऋण मेले को सम्बोधित कर रहे थे।
मनमोहन शर्मा ने अग्रणी बैंक के अधिकारियों को एम.एस.एम.ई. के तहत दिए जाने वाले ऋण की जानकारी ग्राम स्तर तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एम.एस.एम.ई. युवाओं को ऋण प्रदान कर उनके लिए रोज़गार के अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि सोलन एक औद्योगिक ज़िला है, यहां पर युवा ऋण लेकर रोज़गार प्रदाता बन सकता है।
उन्होंने कहा कि अग्रणी यूको बैंक द्वारा ज़िला में सूक्ष्म लघु और मध्यम क्षेत्र के विकास के लिए वित्तपोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बैंक द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) सुविधा प्रदान की जा रही है। उन्होंने किसानों से केसीसी सुविधा का लाभ उठाने का आग्रह भी किया।
उपायुक्त ने इस अवसर पर पात्र लाभार्थियों को एम.एस.एम.ई. के तहत स्वीकृत किए गए लगभग 50 करोड़ रुपए के ऋण के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
यूको बैंक शिमला के अंचल प्रमुख प्रदीप आनन्द केसरी ने कहा कि इस वित्त वर्ष में एम.एस.एम.ई. के तहत सोलन ज़िला में 383.87 करोड़ रुपए का ऋण देने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि इसमें से अभी तक 1556 पात्र लाभार्थियों को 193.49 करोड़ रुपए के ऋण प्रदान किए जा चुके हैं।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति निगम एवं महिला विकास निगम के प्रबंध निदेशक अजय कुमार यादव, यूको बैंक कलकता के उप महाप्रबंधक जयदीप चटर्जी सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम सोलन के विकास एवं सुविधा अधिकारी अलोक गौतम, सहायक आयुक्त नीरजा शर्मा, उप निदेशक कृषि देवराज कश्यप, खण्ड विकास अधिकारी सोलन रमेश कुमार सहित ज़िला के विभिन्न यूको बैंक के प्रतिनिधि व अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *