February 23, 2026

मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत पात्रों को लाभ देने के लिए गंभीरता से कार्य करें अधिकारी : एडीसी

योजना के तहत 692 पात्र परिवारों को स्वरोजगार के लिए दिया गया लोन

झज्जर, मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के लाभार्थियों को शीघ्र ही स्वरोजगार स्थापित करने के लिए ऋण योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा इस कार्य की गति को तेज करने के निर्देश देते हुए एडीसी सलोनी शर्मा ने वीरवार को जिला सचिवालय सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की। बैठक में एडीसी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत हर पात्र व्यक्ति को लाभ मिले इसके लिए वे आपसी तालमेल से कार्य करें। इस अवसर पर योजना के नोडल अधिकारी जिला समाज कल्याण अधिकारी बिरेंद्र यादव ने रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि योजना के तहत 995 पात्र परिवारों का लोन मंजूर हो चुका है और 692 पात्र परिवारों ने लोन लेकर स्वरोजगार शुरू कर दिया है। इसमें मिनी डेयरी, दुकान आदि कार्य के लिए लोन दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि 211 पात्र नागरिकों को स्वरोजगार शुरू करने के लिए प्रशिक्षण भी दिया गया है। उन्होंंने बताया कि योजना के तहत 2451 नागरिकों ने विभिन्न प्रकार की सरकारी योजनाओं की जानकारी लेते हुए स्वरोजगार शुरू करने की इच्छा प्रकट की है। इन सभी को लोन व प्रशिक्षण देने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। एडीसी ने कहा कि ऐसे पात्र परिवार योजना के तहत इच्छुक नहीं है उनसे एक बार फिर परामर्श करें और स्वरोजगार शुरू करने के लिए प्रेरित करें। एडीसी सलोनी शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना सरकार की अति महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना के अंतर्गत लाभार्थी को जल्द से जल्द योजना का लाभ दिया जाना है। उन्होंने कहा कि विभाग लाभार्थी के आवेदन पर शीघ्र कार्यवाही करते हुए अधिकारी उसे जल्द से जल्द बैंक से ऋण मुहैया करवाने का कार्य करें ताकि लाभार्थी अपना कार्य शीघ्र शुरू कर सकें। उन्होंने कहा कि किसी भी लाभार्थी के आवेदन को छोटी छोटी कमियों के कारण रिजेक्ट न करें। उन्होंने कहा कि केवल उसी आवेदन को रिजेक्ट करे जिस पर प्रार्थी लिखित में रिजेक्ट करने बारे सहमति दें। उन्होंने कहा कि इस योजना की मुख्यमंत्री स्वयं मॉनिटरिंग करते है। एडीसी ने कहा कि संबंधित विभाग इस कार्य की महत्वता को समझते हुए संबंधित अधिकारी बैंक से लगातार संपर्क करें, ताकि लाभार्थी को शीघ्र लाभ मिल सकें। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना का मुख्य उद्देश्य लाभार्थी को तुरंत लाभ पहुंचाना है। उन्होंने विभाग व बैंक वाईज कार्यो की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। एडीसी ने कहा कि जिले में पात्रों को योजना का लाभ देने के लिए गंभीरता से प्रयास किए जाने सख्त जरूरत है। जरूरतमंद परिवारों की आजीविका के साधन जुटाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना लागू की गई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत गरीब व जरूरतमंद लोगों की आर्थिक स्थिति में सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर एसडीएम बादली रविंद्र कुमार,एसडीएम झज्जर विशाल,एसडीएम बेरी रविंद्र मलिक, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डा. मनीष डबास, एलडीएम जोगेंद्र बरनवाल,सहायक रोजगार अधिकारी सुनीता फोगाट सहित,बैंक प्रबंधक,योजना से जुड़े विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *