एनएसएस के स्वयं सेवक अपने लिए नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के लिए जीते हैं:सतीश के. कालिया
संजीव डोगरा, दौलतपुर चौक
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पिरथीपुर में आयोजित किये जा रहे एनएसएस के विशेष शिविर में शुक्रवार को रिसोर्स पर्सन के रूप में जीएसएसएस घनारी के प्रोग्राम ऑफिसर सतीश के.कालिया ने शिरकत की और स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया।अपने सम्बोधन में सतीश के.कालिया ने कहा कि एनएसएस का स्वयंसेवक समाज के प्रति जवाबदेही होता है क्योंकि एक बेहतर समाज के निर्माण में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।उन्होंने बताया कि एनएसएस के स्वयंसेवक अपने लिए नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के लिए जीते हैं। यही वजह है कि जब जब राष्ट्रीय आपदा का समय आया है उसमें एनएसएस के वालंटियर ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि एनएसएस का विशेष कैम्प विद्यार्थी के व्यक्तित्व का बेहतर विकास करता है और उनके व्यक्तित्व में कर्मठता, ईमानदारी, साहस और त्याग की भावना विकसित करने में अहम भूमिका निभाता है जिससे उनके व्यक्तित्व को निखारने एवं भविष्य में उन्हें कर्त्तव्यनिष्ठ, संवेदनशील तथा उपयोगी नागरिक के रूप में संवारने में मदद मिलती है।रिसोर्स पर्सन सतीश के.कालिया ने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना से प्राप्त प्रमाण पत्र स्वयं सेवकों के अच्छे भविष्य के निर्माण में सहायक हैं। स्वयंसेवक शासकीय तथा गैर शासकीय सेवाओं में इन प्रमाणपत्रों का प्रयोग कर सकते हैं। विशेषकर उच्चतर कक्षाओं के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के समय राष्ट्रीय सेवा योजना प्रमाण पत्र धारक छात्रों को अतिरिक्त बोनस अंक भी मिलते हैं। इस अवसर उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव बताते हुए नशे से दूर रहने का आह्वान किया,साथ ही नशे के खिलाफ समाज मे जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।इससे पहले उपप्रधानाचार्य पूनम शर्मा एवम कार्यक्रम अधिकारी सतीश मिन्हास और सलोचना राणा की अगुवाई में रिसोर्स पर्सन सतीश के.कालिया को एनएसएस कैप एवम स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।जबकि स्वयंसवेकों ने शुक्रवार सुबह गांव में प्रभात फेरी निकालने के बाद योगगुरु प्रवेश कुमार की अगुवाई में योगासन किये और श्रमदान करके स्कूल का रास्ता सँवारा।इस अवसर पर विनीत शर्मा,सुनन्दा,श्वेता शर्मा इत्यादि उपस्थित रहे।
