अब जाहू में बनेगा हवाई अड्डा
जाहू से चंदरूही तक हवाई अड्डे के निर्माण बारे हो चुका है सर्वे: विधायक सुरेश कुमार
शिवालिक पत्रिका, हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी स्थित बल्ह क्षेत्र में प्रस्तावित हवाई अड्डा अब जिला मंडी, हमीरपुर, बिलासपुर के संगम स्थल जाहू में बन सकेगा। प्रदेश सरकार ने बल्ह की जगह जाहू में हवाई अड्डा बनाने के पक्ष में सर्वे रिपोर्ट को स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार को भेज दिया है। पिछले काफी अर्से से बल्ह क्षेत्र में प्रस्तावित हवाई अड्डे को लेकर वहां के स्थानीय लोग इसका विरोध कर रहे थे। उनका तर्क था कि चूंकि वहां की जमीन अधिक उपजाऊ है व उसमें नकदी फसलें तैयार होती है अतः उस स्थान पर हवाई अड्डे का निर्माण करना स्थानीय लोगों की आजीविका को उजाड़ने के साथ-साथ प्रदेश की आर्थिकी के लिए भी नुकसानदेह होगा। इसके अलावा बल्ह में हवाई अड्डा बनाए जाने की स्थिति में लगभग 3000 परिवारों को विस्थापित करना पड़ेगा। इसके विपरीत जाहू के आसपास की पंचायतें जाहू में हवाई अड्डा बनाए जाने की काफी अर्से से मांग कर रही हैं। पंचायतों का तर्क है कि बल्ह घाटी की अपेक्षा जाहू में हवाई अड्डा बनता है तो यहां अधिकतर भूमि सरकारी होने के कारण बहुत ही कम लोगों को विस्थापित करना पड़ेगा। क्षेत्र की ग्राम पंचायतें, जिनमें जिला हमीरपुर से ग्राम पंचायत पपलाह, गरसाहड, धमरोल, जाहू, धीरड़, भुक्कड़ के अलावा नगर परिषद हमीरपुर, जिला मंडी से ग्राम पंचायत पोंटा, बरछवाड़, भांबला, नबाही, हरि- बैहना, फतेहपुर तथा जिला बिलासपुर से ग्राम पंचायत कोट, हटवाड़, हंबोट आदि ने एक संयुक्त ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार से जाहू में हवाई अड्डे के निर्माण संबंधित कार्य शीघ्र शुरू करने का आग्रह किया है। इस संबंध में पंचायत प्रतिनिधियों की ओर से ग्राम पंचायत भुक्कड़ के गांव बैरी निवासी, क्षेत्र के समाजसेवी प्रकाश चंद शर्मा व सुभाष कपिला ने बताया कि जाहू -चंदरूही के आसपास की लगभग 20 पंचायतों ने ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार से सर्वे अनुसार जाहू- चंदरूही के बीच हवाई अड्डे के निर्माण से संबंधित कार्य शीघ्र शुरू करने की मांग की है। प्रकाश चंद शर्मा व सुभाष कपिला ने बताया कि जाहू में हवाई अड्डा बनाने का मामला वे भुक्कड़ में एक जनसभा के दौरान 2014 में अनुराग ठाकुर के समक्ष भी उठा चुके हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर व भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से अनुरोध किया है कि वे इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए क्षेत्रवासियों की आकांक्षाओं अनुरूप हवाई अड्डे का कार्य शीघ्र शुरू कराने को लेकर व्यक्तिगत प्रयास करें। जाहू में संभावित हवाई अड्डे के निर्माण को लेकर जब स्थानीय विधायक सुरेश कुमार से शिवालिक पत्रिका ने बात की तो उन्होंने बताया कि जाहू- चंदरूही के बीच हवाई अड्डे के लिए भूमि का सर्वे हो चुका है। इसकी स्वीकृति के लिए प्रदेश सरकार ने रिपोर्ट केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय को भेज दी है। जैसे ही केंद्र सरकार से इस बारे स्वीकृति मिलती है, प्रदेश सरकार भूमि अधिग्रहण का कार्य शुरू कर देगी। विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि जाहू हवाई अड्डे के लिए उपयुक्त स्थल है। यह तीन जिलों का संगम स्थल होने के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश का केंद्र बिंदु भी है। ऐसे में यहां हवाई अड्डा बनने से समूचे प्रदेश को सुविधा मिलेगी।
