विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर हैप्पी पासिया ने ली मजीठा धमाके की जिम्मेदारी
अमृतसर: कल देर रात मजीठा थाने में हुए धमाके की जिम्मेदारी विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर हैप्पी पासिया नीली ने ली है। आरोपित ने खालिस्तानी संगठन बब्बर खालसा की पोस्ट वायरल की है। पोस्ट में लिखा कि वह इससे भी बड़ी वारदातों को अंजाम देने की तैयारी में हैं।
बता दें कि मजीठा थाने में धमाके के बाद वीरवार सुबह ही धमाकास्थल पर सफाई करवा दी गई है। मौके पर जाकर देखा तो थाना प्रभारी के कमरे के शीशे टूटे पड़े थे। साफ था कि टायर फटने से इस तरह का धमाका नहीं हो सकता। घटना को लेकर देर रात घटनास्थल पर केवल डीएसपी ही पहुंचे थे। जबकि एसएसपी चरणजीत सिंह भी धमाके के पीछे टायर फटना ही बताते रहे।
वीरवार सुबह तक किसी आतंकी संगठन या फिर गैंगस्टर ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है। उल्लेखनीय है कि बुधवार की रात पौने दस बजे मजीठा थाने के भीतर धमाका होने से अफरातफरी फैल गई थी। धमाके की आवाज दो किलोमीटर दूर तक सुनी गई थी।
बता दें कि थाने में धमाका कैसे हुआ, इसको लेकर पुलिस अलग-अलग बयान दे रही है। एसएसपी चरणजीत सिंह सोहल ने बताया कि थाने के भीतर टायर फटने से धमाका हुआ है। वहीं, पुलिस कर्मचारियों का कहना है कि सिलेंडर फटा है। डीआइजी बॉर्डर रेंज सतिंदर सिंह और फॉरेंसिक टीम के पहुंचने के बाद आशंका जताई गई है कि यह कोई टायर या सिलिंडर फटने की घटना नहीं, बल्कि किसी विस्फोटक से धमाका हुआ है।
