February 19, 2026

कड़ाके की ठंड में ठिठुरता उत्तर भारत, अभी राहत नहीं

नई दिल्ली: उत्तर भारत में सर्दी का कहर जारी है। पंजाब के पठानकोट में पारा 1.7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। पंजाब के 9 जिलों में कोल्ड वेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है। चंडीगढ़ में हल्की राहत के बाद भी अगले दो दिनों में तापमान गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने घने कोहरे और तेज ठंडी हवाओं का अलर्ट जारी किया है। आम जनजीवन पर ठंड का असर हो सकता है।

उत्तर प्रदेश: कानपुर प्रदेश का सबसे ठंडा श्हर
उत्तर प्रदेश में ठंड से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कानपुर राज्य का सबसे ठंडा शहर बन गया है, जहां पारा 5.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, 26 से 28 दिसंबर के बीच प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। इन दिनों पछुआ और पुरवा हवाएं भी अपना प्रभाव दिखा रही हैं, जिससे ठंड और बढ़ने की आशंका है।

मध्य प्रदेश: चार दिन फिर से बढ़ सकती है ठंड
मध्य प्रदेश में ठंड में हल्की कमी आई है। भोपाल, इंदौर और जबलपुर जैसे शहरों में रात का पारा 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। हालांकि, मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि चार दिन बाद उत्तर से आने वाली हवाओं के चलते ठंड एक बार फिर बढ़ सकती है। बालाघाट के मलाजखंड में गुरुवार-शुक्रवार की रात पारा 6.9 डिग्री तक दर्ज किया गया।

राजस्थान: अगले दो दिन में बारिश की संभावना है। राजस्थान में मौसम ने करवट ले ली है। पूर्वी राजस्थान के भरतपुर और कोटा संभाग के जिलों में 23 और 24 दिसंबर को बारिश के आसार हैं। इसके बाद 25 दिसंबर से एक नया सिस्टम सक्रिय होगा, जिससे बारिश का यह दौर 27 दिसंबर तक जारी रह सकता है। इस बदलाव के चलते किसानों को अपनी फसलों की विशेष देखभाल करनी होगी।

हिमाचल: कोल्ड वेव और कोहरे का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में अगले पांच दिनों तक भीषण ठंड का असर रहेगा। मंडी और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से दोपहर तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है, जिससे तापमान और गिरने की संभावना है। ठंडी हवाओं के चलते शीतलहर का असर जारी रहेगा।

जम्मू-कश्मीर: चिल्लई कलां की शुरुआत
जम्मू-कश्मीर में चिल्लई कलां की ठंड ने जोर पकड़ लिया है। श्रीनगर का तापमान -7 डिग्री तक पहुंच गया है। पहलगाम और गुलमर्ग जैसे इलाकों में अगले 40 दिनों तक भारी बर्फबारी के आसार हैं। राज्य सरकार ने 27 दिसंबर से 14 फरवरी तक कॉलेजों के लिए विंटर वेकेशन घोषित कर दिया है। ठंड के चलते जनजीवन पर गहरा असर पड़ा है।

बिहार: तीन दिनों तक कोल्ड वेव का अलर्ट
बिहार में ठंड का असर तेज हो गया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक राज्य के कई जिलों में कोल्ड वेव की चेतावनी जारी की है। खासतौर पर पटना, गया और भागलपुर में पारा 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। ठंडी हवाओं के चलते न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं।

उत्तराखंड: उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सर्दी का कहर बरकरार है। देहरादून और हरिद्वार जैसे मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। मसूरी और नैनीताल में हल्की बर्फबारी के साथ तापमान 2 डिग्री तक गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक राज्य के कई हिस्सों में ठंडी हवाओं के चलते शीतलहर की चेतावनी दी है। ठंड बढ़ने से पर्यटक स्थलों पर कम लोग पहुंच रहे हैं।दिल्ली: ठंड से घरों में दुबके लोग
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ठंड ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया है। सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रहता है, जिससे यातायात बाधित हो रहा है। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक तापमान में और गिरावट हो सकती है। ठंड बढ़ने से दिल्लीवासियों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *