December 22, 2025

कड़ाके की सर्दी की चपेट में उत्तर भारत

देशभर में सर्दी का कहर बढ़ता जा रहा है। जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। श्रीनगर की डल झील जम गई है। जम्मू-कश्मीर में सर्दी के तीखे तेवर देखने को मिल रहे हैं। बारामूला के तंगमर्ग इलाके में 30 मीटर ऊंचा द्रंग झरना पूरी तरह बर्फ में तब्दील हो चुका है। गुलमर्ग और श्रीनगर देश के सबसे ठंडे स्थानों में शामिल हो गए हैं। कई इलाकों में पारा माइनस के नीचे चला गया है। जम्मू कश्मीर के अलावा देश के अन्य उत्तर भारतीय क्षेत्रों की हालत भी ठंड में नाजुक कर रखी है।

मध्य प्रदेश: भोपाल में शीतलहर का रिकॉर्ड
मध्य प्रदेश में ठंड का कहर जारी है। भोपाल में लगातार चौथे दिन शीतलहर दर्ज की गई, जो दिसंबर में एक रिकॉर्ड है। पचमढ़ी में पारा 1.6 डिग्री तक गिर गया है। ग्वालियर और चंबल में सुबह घना कोहरा छाया रहा। हालांकि, मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 4-5 दिनों में ठंड कुछ कम हो सकती है।

उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश में ठंड ने जनजीवन को प्रभावित किया है। सोनभद्र में पारा 4.6 डिग्री तक गिर गया, जो राज्य का सबसे कम तापमान है। प्रदेश के 35 शहरों में कोहरा छाया हुआ है, जिससे विजिबिलिटी घटकर 80 मीटर तक रह गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 5 दिनों तक ऐसा ही मौसम रहेगा।

राजस्थान: राजस्थान में शीतलहर ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। करौली में न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री तक गिर गया, जो सीकर और माउंट आबू से भी ठंडा है। शेखावाटी के शहरों में घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक ठंड और तेज होगी। गाड़ियों पर बर्फ जमने की खबरें भी सामने आ रही हैं।

पंजाब: पंजाब में इस बार ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। फरीदकोट में पारा 0 डिग्री तक गिर गया, जो पहली बार हुआ है। अबोहर में भी तापमान 0.9 डिग्री दर्ज किया गया। चंडीगढ़ समेत 18 जिलों में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 6 दिनों तक प्रदेश में कड़ाके की ठंड जारी रहेगी।

बिहार: कोहरे और ठंड का डबल असर
बिहार में सर्दी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार रात राज्य के कई जिलों में तापमान 5 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी काफी कम हो गई है। इसकी वजह से सड़कों पर गाड़ियां चलाने में कठिनाई हो रही है। कई ट्रेनें अपने समय से लेट चल रही हैं। मौसम विभाग ने अगले 3-4 दिनों तक ठंड और घने कोहरे की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है। पटना, गया और भागलपुर जैसे शहरों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है।

हिमाचल प्रदेश: बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठंड
हिमाचल प्रदेश में शीतलहर के साथ-साथ बर्फीली हवाओं ने ठंड को और बढ़ा दिया है। ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और मंडी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां न्यूनतम तापमान 3-4 डिग्री तक पहुंच गया है। शिमला और मनाली जैसे पर्यटन स्थलों पर भी ठंड का असर ज्यादा हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक ठंड और तेज होने की चेतावनी दी है।

उत्तराखंड: ठंड और पाले ने बढ़ाई मुश्किलें
उत्तराखंड में ठंड ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। देहरादून और नैनीताल जैसे शहरों में तापमान 4-5 डिग्री के आसपास है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानों में शीतलहर के कारण ठंड और बढ़ गई है। हरिद्वार और रुड़की जैसे इलाकों में कोहरा छाया हुआ है, जिससे विजिबिलिटी कम हो गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में ठंड के साथ पाले का असर भी देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *